आमोय

Submitted by Hindi on Sat, 12/25/2010 - 10:40
आमोय नामक द्वीप पर स्थित आमोय नगर, जिसे सुमिंग भी कहते हैं, नौ मील लंबा है। यह चीन देश का एक प्रमुख बंदरगाह है तथा फुकिन प्रांत का द्वितीय सर्वप्रधान नगर है। एक पर्वतश्रेणी इसे दो भागों में विभाजित करती है। इनमें से एक आंतरिक नगर है तथा दूसरा बाह्म नगर। दक्षिण फुकिन तट का सर्वश्रेष्ठ बंदरगाह अंबाय अपने आँचल में बड़े बड़े सागरीय पोतों को ले सकता है। यहाँ पर सुदंर शुष्क नौनिवेश (ड्राइडॉक्स) भी हैं। आमोय चाय, कागज तथा तंबाकू का प्रमुख निर्यातकेंद्र है। यहाँ चावल, रूई, कपड़ा लौह वस्तुओं तथा दूसरी औद्योगिक वस्तुओं का आयात होता है। यहाँ का तटीय व्यापार भी यथेष्ट महत्वपूर्ण है तथा यहाँ के प्रमुख व्यापारी और धनी चीन के कुबेर समझे जाते हैं। 18वीं शताब्दी के अंतिम चरण में आमोय को अंतरराष्ट्रीय व्यापार में यथेष्ट ख्याति मिली और चाय के व्यापार में स्वर्ण की वर्षा होने लगी। 1841 ई. में ब्रिटिश चीनी अफीम युद्ध में यह नगर ब्रिटेन के अधिकार में आ गया तथा 1842 ई. की संधि के पश्चात् चीन के चार अन्य बंदरगाहों के साथ यह भी अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए खुल गया। फुकिन अभियान के समय जापनियों ने आमीय को ध्वस्त कर दिया। 1945 ई. तक यह उनके अधिकार में रहा।

(शि.मं.सिं.)