चीता

Submitted by Hindi on Thu, 08/11/2011 - 14:56
चीता मांसभक्षी स्तनपोषियों के प्रसिद्ध फैलिडी कुल (Family Falidae) का बहुत परिचित जीव है, जो संसार में सबसे तेज दौड़ने वाला जानवर माना जाता है। रंग रूप और आकृति बहुत कुछ तेंदुए जैसी होती है, लेकिन इसके बादामी शरीर के ऊपरी और बगली भागों पर तेंदुए जैसे काले और सफेद गुल न होकर एकदम काले गोल चित्ते रहते हैं, इसी कारण इसे चीता या चित्ता कहा जाता है। इसका निचला भाग एकदम सफेद रहता है। अंग्रेजी में इसे हंटिंग लेपर्ड (Hunting Leopard) भी कहते हैं।

चीता (ऐसिनॉनिक्स जूबेटा Acinonyz jubata) का निवासस्थान भारत और अफ्रीका के जंगल हैं, लेकिन भारत में इनकी संख्या बहुत कम रह गई है। इसका सिर तेंदुए से छोटा, बदन पतला और छरहरा तथा पंजा अर्ध संकोचनीय (partially retractile) होता है। इसके बाल कड़े और दुम लंबी होती है, जो सिरे पर थोड़ी झबरी और सफेद होती है। यह तीन से लेकर चार फुट तक लंबा और ढाई फुट ऊँचा होता है। इसकी मादा शेर और तेंदुए की तरह कई बच्चे जनती है।

चीते को लोग शिकार के लिए पालते हैं। सिखाए हुए चीतों की आँखों पर पट्टी बाँधकर उसे बैलगाड़ियों द्वारा शिकार के स्थान पर ले जाया जाता है। जहाँ हिरणों के गरोह दिखाई पड़ते हैं वहाँ उनमें से एक की पट्टी खोल दी जाती है। चीता हिरणों के पीछे दौड़ पड़ता है और गरोह में से एक को गिराकर तब तक वहीं खड़ा रहता है जब तक उसका मालिक वहाँ नहीं पहुँच जाता। शिकारी वहाँ पहुँचते ही हिरन की गरदन काटकर चीते को किसी बरतन में उसका खून पीने को दे देता है। जब वह खून पीने लगता है तो उसकी आँखों पर पट्टी बाँधकर उसे जंजीर से बाँध दिया जाता है। (सुरेश सिंह कुंअर)

Hindi Title

चीता


विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia)




अन्य स्रोतों से




संदर्भ
1 -

2 -

बाहरी कड़ियाँ
1 -
2 -
3 -