छिंदविन

Submitted by Hindi on Thu, 08/11/2011 - 16:49
छिंदविन उत्तरी वर्मा के सांगइंग मंडल (Division) में नदी है, जो हरावदी की मुख्य सहायक है। यह लगभग 885 किमी. लंबी है। छिंदविन नदी तनाई (Tanai), ताबान (Tawan) और तारून (Taron) नदियों के मिलने से बनी है। किंतु इनमें से कौन मुख्य धारा है, यह संदेहास्पद है।

इन नदियों के स्रोत हूकांग (Hukawug) घाटी के पार्श्ववर्ती पहाड़ों में हैं। मिंजिन नगर के निकट छिंदविन पूर्ववाहिनी हो जाती है, परंतु कुछ ही दूर बाद पुन: दक्षिण-पूर्व की ओर बहने लगती हैं और गानी, अलोन तथा मोनिवा नामक नगरों से होती हुई इरावदी में मिल जाती है। मुहाने से लगभग 322 किमी. दूर किंडार नगर के पास तक नदी वर्ष भर नौपरिवहनीय रहती है ओर बाढ़ की अवस्था में नौकाएँ 209 किमी. ऊपर होमालिन नगर तक चलती हैं।

2. उच्च (upper), निम्न (Lower) उच्च वर्मा के सागइंग (Sagaing) मंडल के दो जिले हैं, जिनमें उच्च छिंदविन बर्मा के जिलों में सबसे बड़ा है। इसका क्षेत्रफल 41,536 वर्ग किमी. है। निम्न छिंदविन, जिसका क्षेत्रफल 9,013 वर्ग किमी. है, इससे दक्षिण में स्थित है।

उच्च 


यह भूभाग विशेष रूप से पहाड़ी है। छिंदविन नदी, जो जिले में उत्त्र से दक्षिण प्रवाहित होती है और जिसकी मुख्य सहायक ऊयू (Uyu) है, क्षेत्रीय पर्वतों को दो मुख्य श्रेणियों में विभाजित करती है, जो इस नदी के पूर्व एवं पश्चिम में स्थित हैं। उत्तर-पश्चिम में वर्मा का सर्वोच्च पर्वतशिखर सारामेटी (Sarameti) अथवा वेमाकटांग (Nwemauktaung) स्थित है, जो 3829 मी. ऊँचा तथा पर्वतश्रृंखलाओं के उस संघटन में है, जो वर्मा को भारत के असम राज्य से अलग-अलग करता है। नदियों एवं पर्वतश्रेणियों के कारण अधिकांश जिला, विशेषकर दक्षिणी भाग प्राकृतिक सौंदर्य में अपूर्व है। प्रचुर मात्रा में वर्षा (27-228 सेंमी. वार्षिक) होने के कारण वनों की अधिकता है, जिनसे इमारती लकड़ी, विशेषकर सागौन (Teak), प्राप्त होती है। विभिन्न प्रकार के बाँसों की भी अधिकता है। पहाड़ी भागों तथा घाटियों की प्रमुख उपज धान है। इसके अतिरिक्त कुछ चाय भी उत्पन्न होती है।

निम्न 


छिंदविन नदी उच्च छिंदविन से आकर इस जिले में उत्तर-पश्चिम से दक्षिण-पूर्व में बहती है और इसको लगभग दो समान भागों में विभाजित करती है। पश्चिम में पौंडांग (Pondaung) पर्वतश्रेणियाँ, जो सामान्यत: 1,220 मीटर ऊँची हैं, उत्तर से दक्षिण को फैली हुई हैं। इन श्रेणियों के पूर्व में तथा छिंदविन नदी के पश्चिम महाडांग (Mahadaung) श्रृंखला है, जिसका सर्वोच्च शिखर 702.3 मीटर ऊँचा है। छिंदविन नदी का पूर्वी क्षेत्र विषम धरातलीय है, जिसको वेग्वेदांग (Nwegwadaung) की निम्न पहाड़ी श्रृंखला विभाजित करती है। उच्च छिंदविन की अपेक्षा यह जिला शुष्क है, परंतु वर्षा की मात्रा उत्तर की ओर उत्तरोत्तर बढ़ती जाती है। शुष्कता के कारण मुख्य उपज ज्वार है। इसके अतिरिक्त यहाँ तिल तथा धान की भी खेती होती है। दक्षिण का समतल भाग अधिक घना बसा है। (आनंद सिंह जौहरी.)

Hindi Title

छिंदविन


विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia)




अन्य स्रोतों से




संदर्भ
1 -

2 -

बाहरी कड़ियाँ
1 -
2 -
3 -