डाहोमी

Submitted by Hindi on Wed, 08/17/2011 - 09:07
डाहोमी स्थिति : 60 40' से 120 40' उ0 अ0 तथा 00 40' से 30 40' पू0 दे0। यह पश्चिमी अफ्रीका का गणतंत्र राज्य है। यह पहले फ्रांसीसी उपनिवेश था जो 4 दिसंबर, 1960 ई0 को स्वतंत्र हो गया। इसके पूर्व में नाइजीरिया, पश्चिम में टोगो, उत्तर-पश्चिम में अपर वोल्टा और दक्षिण में गिनी की खाड़ी है। इसका क्षेत्रफल 1,15,760 वर्ग किलो. और अनुमानित जनसंख्या 20,50,000 (1961) हैं। यह मुख्यत: मैदानी क्षेत्र है। जलवायु नम तथा उष्ण है। इसके 70 मील लंबे समुद्रतट पर अनूपों (lagoons) की पंक्ति है जो समुद्र से निचले बालुकादंड की श्रृंखला द्वारा पृथक होती है। यहाँ की मिट्टी अत्यधिक उपजाऊ है, जिसमें कहवा, मक्का, कपास इत्यादि की उपज होती है। कहवा, ताड़ का तेल तथा गरी मुख्य निर्यात पदार्थ हैं। समुद्रतट पर स्थित पोर्टो नोवो नगर देश की राजधानी है। [रा0 ना0 मा0]

विभिन्न जातियों की आबादी -


डाहोमी में फान (Fon) लोगों की जनसंख्या सर्वाधिक (7 लाख से ऊपर) है। इसके अतिरिक्त अदजा (Adja) और आइजो (Aizo) भी, जो परस्पर और फान से भी संबंधित हैं, क्रमश: 2,20,000 और 92,000 की तादाद में बसे हुए हैं। ये सभी दक्षिणी भागों में निवास करते हैं और मुख्यत: किसान हैं। बरीबा, बागूँ, योरुबा (ये नाइजीरिया से आए), होल्ली (Holli), फुलानी (Fulani), डेंडी (Dendi), और पिलापिला (Pilapila) नाम की अनेक विभिन्न जातियाँ यहाँ वास करती हैं। इन जातीय अंतरों के होते हुए भी डाहोमी के निवासियों में सामाजिक और सांस्कृतिक संबंध बहुत घनिष्ठ हैं। फ्रांसीसी राज्यभाषा है। अन्य भाषाओं में फान और योरुबा दक्षिणी भाग में, बारिबा (Bariba) और फुलानी (Fulani) उत्तरी भाग में विशेष रूप से प्रचलित हैं। 1960 के संविधान के अनुसार वहाँ के लोगों को धार्मिक स्वतंत्रता का पूर्ण आश्वासन प्राप्त है।

इतिहास -


डाहोमी आंग्ल-फ्रांसीसी प्रतिद्वंद्विता और तज्जनित अफ्रीका के विभाजन की उपज है। इसलिए यहाँ भौगोलिक और ऐतिहासिक एकरूपता का अभाव है।

पुर्तगालियों ने सर्वप्रथम डाहोमी के समुद्रतट पर अपने व्यापार संस्थान स्थापित किए। मुख्य नगर का नाम पोर्टोनोवो (वर्तमान राजधानी) पुर्तगालियों ने ही रखा। दासव्यापार की वृद्धि के साथ साथ अंग्रेज, डच, स्पेनी और फ्रांसीसी व्यापारी भी आए। फ्रांसीसियों ने 17वीं शताब्दी में जूडा (Juda), ओइदा, (Ouidah) और सावी (Savi) स्थानों पर अपनी चौकियाँ स्थापित कीं। यूरोपियों का तटीय व्यापार जिस समय चल रहा था, अबोमी राज्य सदैव योरुबा और आशांति (Ashanti) पर आक्रमण किया करता था, जिससे योरुबा अत्यंत शक्तिहीन हो गया था। 1851 में फ्रांसीसियों ने अबोमी सम्राट् के साथ एक संधि की जिसके अनुसार उन्हें कोटोनाउ (Cotonou) में व्यापार चौकी स्थापित करने की अनुमति मिल गई। अंग्रेजों ने अपना स्थान लागोस में बनाया। 1857 में फ्रांसीसियों ने ग्रांड पोपो (Grand popo) को भी अपने अधिकारक्षेत्र में जोड़ लिया। पोर्टो नोवो पर अंग्रेजों और फ्रांसीसियों की प्रतिद्वंद्विता का परिणाम यह हुआ कि वहाँ फ्रांस का सैनिक अड्डा बन गया और पश्चिमी क्षेत्रों में अंग्रेजों ने अपनी चौकियाँ बना लीं। किंतु 1888-89 में हुई संधि से वे चौकियाँ समाप्त हो गईं।

अवोमी अभी तक फ्रांस के अधिकार से मुक्त था, और यूरोपीय व्यापारियों से खूब चुंगी वसूल करता था। 1892 में फ्रांस की सेनाओं ने कर्नल डाइस के नेतृत्व में अबोमी को जीत लिया और वहाँ फ्रांस का सैनिक अड्डा स्थापित हो गया। 1900 में अबोमी की स्वतंत्रता समाप्त हो गई।

1892 से 1900 तक फ्रांस ने उत्तर की ओर भी अपना विस्तार किया, इसलिए राज्य का रूप बिलकुल बदल गया। 1946 में फ्रांस के नए संविधान के अनुसार वहाँ की संसद् में राज्य के तीन सदस्य नियुक्त होने की व्यवस्था हो गई।

डाहोमी की विधानसभा का अधिकार केवल बजट तक ही सीमित था। 1956-57 के सुधारों के अंतर्गत विधानसभा के अधिकारों में विस्तार किया गया और उसके द्वारा नियुक्त शासनपरिषद् को राज्य के अधिकांश मामलों में निर्णय करने का अधिकार प्राप्त हो गया। सितंबर 1958 में फ्रांस के उपनिवेश समुदाय में डाहोमी गणराज्य घोषित किया गया।

1 अगस्त, 1960 को डाहोमी को पूर्ण स्वतंत्रता मिल गई। 25 नवंबर, 1960 को नया विधान बनने के बाद वहाँ राष्ट्रपति की अध्यक्षता में संधीय शासन की व्यवस्था की गई।

डाहोमी कृषिप्रधान देश है। खनिज उत्पादन नहीं के बराबर है। उद्योगों का भी समुचित विकास नहीं हुआ है। देश अब भी फ्रांस की आर्थिक सहायता पर निर्भर करता है। कृषिगत और औद्योगिक उत्पादन लगभग 50 प्रतिशत बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय विधान सभा ने 1962 में चतुर्वर्षीय योजना का सूत्रपात किया। 20 वर्षों की अवधि में राष्ट्रीय आय को दूना करना इस योजना का लक्ष्य है।

Hindi Title


विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia)




अन्य स्रोतों से




संदर्भ
1 -

2 -

बाहरी कड़ियाँ
1 -
2 -
3 -