डाकोटा

Submitted by Hindi on Tue, 08/16/2011 - 10:19
डाकोटा संयुक्त राज्य अमरीका, में मिज़ुरी एवं रेड नदियों का ऊपरी प्रवाहक्षेत्र, जो 2 नवंबर, 1889 ई. को प्रशासनिक सुविधा की दृष्टि से उत्तरी एवं दक्षिणी दो भागों में विभक्त किया गया। ये भाग अमरीका के क्रमानुसार 39वें और 40वें राज्य हुए।

1. उत्तरी डाकोटा स्थिति : 450 55' से 490 0' उ. अ. तथा 960 40' से 1040 0' प. दे.। इसका क्षेत्रफल 70,665 वर्ग मील है। यह क्षेत्र मिज़ुरी एवं उसकी अन्य सहायक नदियों द्वारा सिंचित है। पूर्वी क्षेत्र में रेड नदी उत्तर की ओर प्रवाहित होती है। भू-आकृति-तत्व के आधार पर इसके दो विभाग हैं : (क) नवीन अपोढ़ मैदान (Young drift plane) - यह पूर्व एवं उत्तर में फैला हुआ है। यहाँ मिट्टी अत्यधिक उपजाऊ एवं कृषि योग्य है। (ख) ग्रेट प्लेन - इसमें दक्षिण-पश्चिम के शुष्क प्रदेश सम्मिलित है

यहाँ खनिज तेल, गैस एवं लिग्नाइट (3,50,00,00,00,000 टन अनुमानित राशि) मिलते हैं। थोड़े से दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र को छोड़कर वर्षा प्राय: 20” से कम होती है। उत्तर में जुलाई में औसत ताप 190 सें. तथा दक्षिण में 220 सें. रहता है। उत्तर में जनवरी में औसत ताप -- 70 सें. तथा दक्षिण में 100 सें. रहता है।

गेहूँ यहाँ की मुख्य उपज है। इसके अतिरिक्त राई और फ्लैक्स (flax) की खेती की जाती है। सिंचाई, बाढ़, नियंत्रण एवं विद्युच्छक्ति की प्राप्ति के लिए मिंज़ुरी नदी पर गैरीसन बाँध का निर्माण किया गया है। मक्खन यहाँ का प्रमुख औद्योगिक उत्पादन है। तेलशोधक संस्थान डिकिसन, मंडन एवं विलिंस्टन में स्थित है। राज्य में लगभग 1,30,00,000 बैरल खनिज तेल प्रतिवर्ष निकाला जाता है।

यातायात के साधनों की प्रचुरता है। रेलमार्ग एवं लंबी सड़कें तथा 200 वायुयान अड्डे राज्य में हैं। ग्रैंड फॉर्क्स में नार्थ डाकोटा विश्वविद्यालय प्रमुख शिक्षण संस्था है। इसके अतिरिक्त अनेक औद्योगिक एवं प्रशिक्षणात्मक संस्थाएँ भी यहाँ हैं।

यहाँ की संपूर्ण जनसंख्या 6,32,444 (सन्‌ 1960) है, जिसमें नागरिक जनसंख्या का अनुपात 27% है। प्रमुख नगर तथा प्रशासनिक केंद्र विस्मार्क, फार्गो, यांक्टन, ग्रैंड फार्क्स आदि हैं।

2. डाकोटा दक्षिणी, स्थिति : 420 30' से 450 55' उ. अ. तथा 960 25' से 1040 0' प. दे.। यहाँ का क्षेत्रफल 77,047 वर्ग मील है, जिसमें लगभग 1,200 वर्ग मील जलक्षेत्र भी है। उच्चतम क्षेत्र पेलिंग्टन प्रदेश में हार्नीपार्क 7,242 फुट तथा निम्नतम स्थल राबर्ट्स में बिग स्टोन झील (962 फुट) है। मिज़ुरी अपनी सहायक नदियों के साथ तथा ह्वाइट (White) नदी इस क्षेत्र में प्रवाहित होती है। राज्य के चार प्रमुख भौगोलिक विभाग है : (क) कटा-फटा टिल मैदान -- यह 30 से लेकर 40 मील तक की चौड़ी पट्टी है। पशुपालन यहाँ का प्रमुख व्यवसाय है। (ख) अपोढ़ निर्मित मैदान -- यह डाकोटा के नवीन अपोढ़ मैदान का दक्षिणवर्ती फैलाव है। यह उपजाऊ क्षेत्र है। (ग) ग्रेट प्लेन -- यह मिज़ुरी की घाटी है, जिसमें नदी उत्तर-पश्चिम से दक्षिण-पूर्व की ओर प्रवाहित होती है। ढाल पश्चिम से पूर्व की ओर है। (ब) ब्लैक हिल -- इसमें ऊबड़-खाबड़ ग्रेनाइट की पहाड़ियाँ हैं। यह खनिज सामग्री की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। जंगलों में सुंदर लकड़ी मिलती है। रेड नदी की घाटी में बिग स्टोन झील स्थित है।

पूर्व में वर्षा 20”-30” तथा पश्चिम में 10”-20” होती है। जुलाई का औसत ताप 25.50 सें. तथा जनवरी का औसत 100 सें. रहता है।

ब्लैक हिल क्षेत्र में रैपिड नगर के पास कोयला, सोना, सीसा, चाँदी, टंग्स्टन, यूरेनियम आदि मिलते हैं। यहाँ इमारती पत्थर भी मिलता है। कृषि प्रमुख व्यवसाय है। वनों का क्षेत्रफल लगभग 20,00,000 एकड़ है। राज्य के प्राय: 2/5 भाग पर कृषि होती है। यह क्षेत्र प्रमुख रूप से मिज़ुरी नदी के पूर्व में स्थित है। औद्योगिक उत्पादनों में रैपिड नगर सीमेंट के तथा ब्लैकहिल लकड़ी के कार्य के लिए प्रसिद्ध है।

शिक्षण संस्थानों में डाकोटा वेस्लियान विश्वविद्यालय, मिचेल में, 1885 ई. में स्थापित हुआ तथा साउथ डाकोटा विश्वविद्यालय वर्मीलियन में 1882 ई. में स्थापित हुआ। यहाँ के प्रमुख नगर में प्रशासनिक केंद्र पियरे रैपिड सिटी, सियोक्स फाल्स, एबरडीन, वेल्लेफाकें आदि हैं।

यहाँ की कुल जनसंख्या 6,80,514 (सन्‌ 1960) है, जिसमें नागरिक जनसंख्या का औसत 33 प्रतिशत है। [कैलाशनाथ सिंह]

Hindi Title


विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia)




अन्य स्रोतों से




संदर्भ
1 -

2 -

बाहरी कड़ियाँ
1 -
2 -
3 -