गोमती

Submitted by Hindi on Thu, 08/11/2011 - 09:29
गोमती भारत के उत्तर प्रदेश की नदी है। यह पीलीभीत से 20 मील पूर्व गोमत ताल (280 35` उ.अ. तथा 80 75` पू.दे.) से निकलकर प्रारंभ में 12 मील तक एक खड्ड के रूप में बहती है। 35 मील के बाद नदी में जोकनाई नदी मिलती है जहाँ से नदी स्थायी जलप्रवाह के रूप में बहती है। यहाँ से कुछ मील आगे नदी पर शाहजहाँपुर से खेरी जानेवाली सड़क पर 210 फुट लंबा पुल है। पुल के बाद नदी शाहजहाँपुर तथा खेरी के जिलों में मंद गति से बहती है तथा बहुत सी सहायक नदियाँ और नाले इसमें मिलते हैं। मुहमदी से लखनऊ (जो नदी के उद्गम स्थान से 180 मील की दूरी पर है) तक नदी की चौड़ाई 100 फुट से 120 फुट तक है। यहाँ नदी के कगार भी पर्याप्त ऊँचे हैं। सीतापुर जिले में कथना (90 मील लंबी) तथा सरायाना (120 मील लंबी) नदियाँ गोमती में मिलती हैं। लखनऊ नगर में कई पुल हैं। लखनऊ से आगे बढ़ने पर नदी बाराबंकी, सुल्तानपुर तथा जौनपुर जिलों से होकर बहती है। इन हिस्सों में नदी का मार्ग पर्याप्त टेढ़ा मेढ़ा है। यहाँ चौड़ाई भी 200 फुट से 600 फुट तक हो जाती है। जौनपुर नगर में 16वीं शती के अंत में 654 फुट लंबा पत्थर का बना हुआ प्रसिद्ध शाही पुल है। जौनपुर के आगे इस नदी में प्रसिद्ध सई नदी मिलती है, फिर नदी वाराणसी से 20 मील उत्तर, पटना गाँव के पास गंगा नदी से मिलती है।

गोमती नदी अपनी सहायक नदियों के साथ 7500 वर्ग क्षेत्र को लाभान्वित करती है। अतिवृष्टि के कारण नदी में बहुधा बाढ़ आती है। गोमती में यातायात नावों द्वारा मुहमदी तक होता है। (हरि हर सिंह)

Hindi Title


विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia)




अन्य स्रोतों से




संदर्भ
1 -

2 -

बाहरी कड़ियाँ
1 -
2 -
3 -