जीवविज्ञान

Submitted by Hindi on Fri, 08/12/2011 - 15:32
जीवविज्ञान (Biology) जीवधारियों से संबंधित विज्ञान की सभी शाखाएँ सामूहिक रूप से जीवविज्ञान कहलाती हैं। इस विज्ञान की तीन मुख्य शाखाएँ हैं: (1) वनस्पति विज्ञान, पेड़ पौधों से संबंधित, (2) प्राणिविज्ञान, जंतुओं से संबंधित तथा (3) जीवाणु-विज्ञान, सूक्ष्म जीवाणुओं से संबंधित।

जीवप्रकृति -


जीव अपनी माप, आकार, वातावरण, रहन सहन आदि में बड़े आश्चर्यजनक, रोचक व असंख्य रूप से भिन्न हैं। मापानुसार यदि लीजिए तो एक ओर जीवाणु 1/25,000 इंच लंबा तथा 3/1, 00,00,00,00,00,00,00,000 आउंस भारी है, तो दूसरी और ब्लू ह्वेल 100 फुट लंबा और 125 टन भारी है। विस्तारानुसार अब तक लगभग 12,00,000 विभिन्न प्रकार या जातियों के जंतुओं और संभवत: इतने ही पेड़ पौधों का वर्णन हो चुका है। यह प्रत्यक्ष है कि पृथ्वी पर कम से कम इतने प्रकार के जीव तो हैं ही। इनमें जीवाणुओं का समावेश नहीं है। इनमें कोई भी दो जीव एक जैसे नहीं होते। कुछ न कुछ विभिन्नताएँ अवश्य मिलेंगी। यदि वातावरण की दृष्टि से देखा जाय तो पृथ्वी पर शायद ही कोई ऐसा स्थान (संभवत: ध्रुवों को छोड़कर) होगा जहाँ किसी न किसी रूप में जीव न मिलें। सभी स्थानों, ऊपर, नीचे, पर्वतों, कंदराओं एवं जलों में जीव का वास रहता है। ये सभी स्वतंत्र, सामूहिक, सामाजिक, परोपजीवी, सहजीवी इत्यादि विभिन्न रूपों में रहने में समर्थ हो जाते हैं।

जीवधारियों के गुण -


सजीव और निर्जीव पदार्थों में कुछ प्रत्यक्ष भेद हैं, यद्यपि ये भेद निम्न (विषाणु, Virus) स्तर पर जाने पर अप्रत्यक्ष हो जाते हैं। ये भेद निम्नलिखित हैं:

1. स्वांगीकरण शक्ति (Power of assimilation) -


इस शक्ति द्वारा जीवधारी विभिन्न सजीव व निर्जीव खाद्य पदार्थों को अपने शारीरिक तत्वों, जैसे मांस, रक्त, हड्डी आदि में बदल सकते हैं। किसी भी निर्जीव पदार्थ में यह गुण नहीं है।

2. जनन शक्ति (Power of reproduction) -


जीवधारियों में अपने ही सदृश दूसरे जीवधारियों को उत्पन्न करने की शक्ति होती है। यह कार्य अलैंगिक विधि से या लैंगिक (sexual) विधि से होता है। निम्न श्रेणी के कुछ जीव अलैंगिक विधि से और शेष, विशेषत: उच्चतर श्रेणी के जीव, लैंगिक विधि से उत्पन्न होते हैं।

3. उत्तेजनशीलता या संवेदनशीलता (Irritability or sensitivity) -


बाह्य वातावरण के प्रकरणों, सर्दी, गरमी, प्रकाशादि का प्रभाव सजीव और निर्जीव दोनों ही पर पड़ता है, परंतु सजीव में संवेदनशीलता होती है, जिससे सजीव अनुक्रिया (response) या अभिक्रिया (react) करते हैं। पौधों की अपेक्षा यह शक्ति जंतुओं में अधिक होती है।

4. वृद्धि -


सभी जीवधारी भोजन करके स्वांगीकरण करते और उससे बढ़ते हैं। कुछ निर्जीव पदार्थ (जैसे मिट्टी कर टीला) भी समय बीतने पर बढ़ सकते हैं, पर अंतर यह है कि सजीव पदार्थों की वृद्धि अंदर से होती है, जेसे मांस, हड्डी आदि के बढ़ने से, और निर्जीव पदार्थों की वृद्धि बाहर से होती है।

5. निश्चित आकार एवं आकृति -


प्रत्येक जीव का एक आकार व आकृति होती है, जिसके कारण हम मेढ़क को मेढ़क और मछली को मछली कहते हैं, यद्यपि सभी मेढ़क या मछलियाँ एक सी नहीं होतीं।

6. श्वसन (Respiration) -


आक्सीजन के बिना कोई भी जीव जीवित नहीं रह सकता। अतएव सभी सजीव पदार्थ श्वसन से ऑक्सीजन शरीर के अंदर लेते हैं और वहाँ एकत्रित कार्बन डाइऑक्साइड का बाहर निकाल देते हैं। श्वसन के द्वारा होनेवाली इन दोनों गैसों का विनियम निर्जीव पदार्थों में नहीं होता।

7. उत्सर्जन (Excretion) -


पोषण, श्वसन आदि क्रियाओं से शरीर में मल, मूत्र, कार्बन डाइऑक्साइड आदि पदार्थ बनते हैं। हानिकारक होने के कारण इन्हें शरीर के बाहर निकाल देना अत्यावश्यक है। मल पदार्थों को शरीर के बाहर निकाल देने की क्रिया को उत्सर्जन कहते हैं। निर्जीव पदार्थों में ऐसी कोई क्रिया नहीं होती।

8. संचलन (Locomotion) -


यद्यपि निर्जीव पदार्थ भी गतिशील हो सकते हैं, पर सजीव पदार्थ की गति आंतरिक शक्ति से प्रेरित होती है जब कि निर्जीव की गति बाह्य प्रसाधनों से। जंतुओं में संचलन अधिक और प्रत्यक्ष होता है और पेड़-पौधों में अप्रत्यक्ष। फिर भी यह कहना कि पेड़-पौधे गतिशून्य होते हैं भ्रममूलक होगा। न केवल उनमें अपनी पत्तियों एवं फूलों को सूर्य की ओर, या अन्य दिशा में, मोड़ लेने की क्षमता होती है, बल्कि निम्न-श्रेणी के ऐसे भी सूक्ष्म पौधे हैं जो पानी में चलायमान हैं। इसके विपरीत कुछ ऐसे जंतु जैसे स्पंज, कोरल आदि) भी है जो अचल हैं।

9. मृत्यु तथा क्षय (Death and Decay) -


मृत्यु जीवित पदार्थों का ही गुण है, यद्यपि निर्जीव पदार्थ भी नष्ट होते हैं। परंतु नष्ट होने तथा मृत्यु की क्रियाओं में भेद स्पष्ट है।

जीवविज्ञान के अंग -


जीवविज्ञान के अंतर्गत जीवधारियों के हर पहलू अध्ययन समिलित है। इनके निम्नलिखित पहलू विशेष उल्लेखनीय हैं: 1. आकारिकी अथवा बाह्यकार (Morphology) में जीवों के आकार एवं उनके विभिन्न अवयवों का अध्ययन होता है। इसके दो भाग हैं: (क) शरीर रचना (Anatomy) में शरीर की विभिन्न संरचनाओं, विशेषकर आंतरिक का जो नग्न आंखों द्वारा देखी जा सकती हैं, अध्ययन होता है; (ख) औतिकी (Histology) में शरीर में विभिन्न अंगों की सूक्ष्म संरचनाओं का सूक्ष्मदर्शीय अध्ययन किया जाता है। 2. कायिकी (Physiology) में शरीर की विभिन्न क्रियाओं का अध्ययन होता है; 3. कोशिका विज्ञान (Cytology) में कोशिकाओं की रचना एवं कार्य का अध्ययन होता है; 4. वर्गीकरण विज्ञान (Taxonomy) में जीवों के वर्गीकरण का अध्ययन होता है; 5. आनुंशिकता (Heredity) में पैत्रिक गुणानुकरण या वंश परंपरा का अध्ययन होता है; 6. भ्रौणिकी (Embryology) में अंडा तथा भ्रण के परिर्वधन का अध्ययन किया जाता है; 7. परिस्थितिकी (Ecology) में जीव का परिपार्श्व या पर्यावरण (surroundings या environment) के साथ संबंध का अध्ययन होता है; 8. क्रमविकास (Evolution) जीवों के उद्भव एवं विभेदीकरण का वृत्तांत है; 9. जीव भूगोल (Bio-geography) से जीवों का भौगोलिक वितरण ज्ञात होता है; 10. फॉसिल विज्ञान (Palaeontology) में प्राचीन एवं लुप्त जीवों का अध्ययन है; 11. रोगविज्ञान (Pathology) में जीवों (जंतुओं और पौधों) के रोगों की पहचान व कारणों का अध्ययन होता है; 12. परजीवी विज्ञान (Parasitology) परोपजीवी जीवों का अध्ययन है; 13. प्राकृतिक इतिहास (Natural History) से जीवों की उनके प्राकृतिक परिपार्श्व में रहन-सहन व आचरण का ज्ञान होता है; 14. मनोविज्ञान (Psychology) जंतुओं की मानसिक प्रवृत्तियों का अध्ययन है तथा 15. समाजविज्ञान (Sociology) में जंतुओं व मानव समाज का अध्ययन किया जाता है। अंत के दो विषय जीवविज्ञान के नैतिक विषय कहलाते हैं।

जीवविज्ञान का इतिहास -


जीवों के अध्ययन का इतिहास संभवत: स्वयं मानव का इतिहास है। भूविज्ञानीय समय के अनुसार मनुष्य पृथ्वी पर सब जीवधारियों के बाद में आया। पृथ्वी पर आने के बाद यह स्वाभाविक था कि वह जिस वातावरण में था उसके सदस्यों से, चाहे वे पेड़ हों या जंतु, भली भाँति परिचित हो, क्योंकि उसका जीवन इन्हीं पर निर्भर था। स्पष्ट है कि धीरे धीरे यह परिचय घनिष्ठ होता गया होगा और मानव औरों की अपेक्षा कुछ जीवों के बारे में, जिनसे अधिक संबंध होगा, अधिक जानकारी रखने लगा होगा। इस घनिष्ठ जानकारी का प्रतीक वे चित्रकारियाँ हैं जिन्हें गुफाओं में रहने वाला मानव भविष्य के लिये छोड़ गया है। अवश्य ही जीवों के अध्ययन का प्रारंभ इसी प्रकार और यहीं से हुआ होगा और सभ्यता के विकास के साथ साथ बढ़ता गया होगा। फिर भी जीवविज्ञान का लिखित इतिहास ग्रीक सभ्यता से प्रारंभ होता है, जिसका संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है :

लगभग 500 ईo पूo क्रोटोना (Crotona) के ऐल्कमियॉन (Alcmeon) ने जंतुओं की बनावट, स्वभाव व भ्रूण परिवर्धन का अध्ययन किया। एंपिडोकल्स (Empedocles, 490-430 ईo पूo) ने बताया कि रुधिर ही शरीर ताप का स्रोत है तथा रुधिरवाहिनियाँ हवा तथा साँस का वितरण करती हैं। डायोजीन अपोलोनिएट्स (Diogene Apoloniates) ने 460 ईo पूo में रुधिर वाहिनियों का अध्ययन किया। इस विषय पर उसका वर्णन सर्वप्रथम वर्णनकहा जा सकता है। हिप्पॉक्रेट्स (Hippocrates) ने ईसा से 5वीं शताब्दी पूर्व जंतुविभाजन का प्रथम प्रयास किया था। 380 पूर्व में पॉलिबस (Polybus) ने, जो हिप्पोक्रेट्स का दामाद था, 'मनुष्य की प्रकृति पर' शीर्षक पुस्तक में लिखा है कि मनुष्य-शरीर चार द्रवों (humours) से मिलकर बना है : रुधिर, कफ (phlegm), काला पित्त (bile) और पीला पित्त। चौथी शताब्दी ईo पूo में डायोकल्स (Diocles) ने हृदय को बुद्धि का स्थान बताया और प्रथम बार मानवभ्रूण पर अवलोकन किए। उसकी 'शरीर-रचना' शीर्षक पुस्तक, जो मनुष्य-शरीर पर आधारित थी, लुप्त हो गई है। इसके बाद के और चौथी शताब्दी ईसंवी से के जीवविज्ञानीय लेखप्रमाण या तो खो गए हैं, या इतनी थोड़ी मात्रा में उपलब्ध है कि उनसे कुछ भी निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता। इस प्रकार अरस्तु (384-322 ईo पूo) के समय से ही जीवविज्ञान के लिखित इतिहास का प्रारंभ कहा जा सकता है।

जीवशास्त्री अरस्तू -


अरस्तू द्वारा लिखित चार पुस्तकें उपलब्ध हैं, जिनके विषय हैं: जीवात्मा, जंतु इतिहास, जंतु आनुवंशिकता तथा जंतु अंग। इन पुस्तकों में अरस्तू ने पौधों को निम्न श्रेणी का जीव माना है और मनुष्य को सबसे उच्च श्रेणी का जीव।

अरस्तू के मीनों पर प्रेक्षण अष्टभुज (octopus) के परिवर्धन पर प्रेक्षण तथा ह्वेल पॉरपॉएजों (porpoises) तथा डॉलफिनों (dolphins) के अध्ययन आज तक भी बड़े महत्वपूर्ण समझे जाते हैं। अरस्तू ने जीवविभाजन की चेष्टा भी की। इससे यह अनुमान लगाया जा सकता है कि उसे किसी रूप में क्रमविकास का भास रहा होगा, यद्यपि इसका उल्लेख उसने कहीं नहीं किया है। जंतु वर्गीकरण में उसने मनुष्य को सब जीवधारियों से उच्च मानकर जंतुसमूह से अलग हटा दिया था, परंतु ज्ञानवृद्धि के साथ साथ जंतु और मुनष्य का उसका यह भेद भी मिटता गया। जंतु वर्गीकरण का जो तरीका उसने अपनाया वह बड़े महत्व का था, क्योंकि वर्गीकरण का आधुनिक ढंग सिद्धांतत: वैसा ही है।

अरस्तू के बाद -


अरस्तू के वनस्पति शास्त्रीय कार्यों का पता नहीं है, परंतु उसके शिष्य थियफ्रोस्टस (Theophrastus, 370-288 ईo पूo) के कार्य उपलब्ध हैं। उसने पारिभाषिक शब्दावली की आवश्यकता विशेषरूप से अनुभव की और कई नए शब्द भी गढ़े। 'पेरिकार्प' (pericarp) शब्द उसी की देन है। उसने एक तथा द्विदलीय (mono and dicotyledonous) बीजों में भेद किया तथा बीजांकुरण का अध्ययन किया। वनस्पति विज्ञान का अध्ययन थियफ्रोस्टस के साथ ही समाप्त हो गया, यद्यपि ऐलेक्जैंड्रियन स्कूल में वनस्पति शास्त्र का अध्ययन ओषधि के अध्ययन के रूप में उसके बाद भी रहा। उस समय पौधों के सही चित्रण करने की प्रथा थी। क्रेटियस (Crateuas) द्वारा बनाए चित्र आज भी जीव वैज्ञानिकों के लिये दिचस्पी की वस्तु हैं। पेंडैनियोज़ डायोस्कोराइडीज़ (Pendanios Dioscorides) के, जो महाराज नीरो की सेना में डाक्टर था, लेखों ने वनस्पतिविज्ञान तथा उसकी शब्दावलियों को काफी प्रभावित किया। उसका ओषधीय पौधों का कार्य बहुत समय तक प्रसिद्ध रहा। प्लिनी ने भी 'प्राकृतिक इतिहास' शीर्षक पुस्तक लिखी, जो प्रचलित होते हुए भी जीवविज्ञानीय विचारों में वर्द्धक नहीं सिद्ध हुइ। अंत में प्राचीन जीव वैज्ञानिकों में गैलेन (Galen) था। इसने जंतु शरीर रचना और कार्यिकी पर यथेष्ट काम किया तथा इसके अन्वेषण 17वीं शताब्दी तक महत्वपूर्ण बने रहे।

मध्यकालीन जीवविज्ञान -


मध्यकाल में ग्रीक वैज्ञानिकों की अरबी भाषा की पुस्ताकें का लैटिन में अनुवाद हुआ। इसका प्रारंभ 11वीं शताब्दी में हुआ। अरस्तू की पुस्तकों का अनुवाद इटली के मिकेल स्कॉट (सन्‌ 1232) ने किया। तदुपरांत गैलेन की कार्यिकी संबंधी पुस्तक का अनुवाद लैटिन भाषा में हुआ। इस समय के प्रसिद्ध जीवविज्ञानीय लेखकों में कोलोन के अलबर्टस मैगनस का नाम उल्लेखनीय है। 14वीं शताब्दी से जीवविज्ञान का अध्ययन चित्रकारी द्वारा आरंभ हुआ। उच्च कोटि के चित्रकार सैंडो वॉटिचेली (Sando Botticelli, सन्‌ 1444-1510), लेओनार्डो डा विंसी (Leonardo da Vinci, सन्‌ 1452-1549), माइकेल ऐंजेलो (Michel-angelo, सन्‌ 1475-1534) आदि ने जंतुओं, पौधों एवं मनुष्यों के शरीर के यथार्थ चित्रण किए।

जीवविज्ञान का पुनराध्ययन (Revival) -


जर्मनी के ओटोब्रुनफैल्स (Ottobrunfels, सन्‌ 1488-1534) ने पौधों पर पहली पाठ्य पुस्तक लिखी। लेओनहार्ड फुक्स (Leonhard Fuchs) की प्रसिद्ध पुस्तक सन्‌ 1542 में निकली। पियर बेलों (Pierre Belon, सन्‌ 1517-64) ने बहुत से देशों का भ्रमण कर प्राकृतिक इतिहास का संकलन किया तथा पौधों, मछलियों और पक्षियों पर पुस्तकें लिखीं। स्विट्ज़रलैंड के गेस्नर (Gesner, सन्‌ 1516-65) ने पाँच भागों में चौपायों, मछलियों तथा सांपों पर पुस्तकें प्रकाशित कीं। उस समय गेस्नर को लोग वनस्पतिशास्त्री के रूप में अधिक जानते थे, परंतु बहुत से लोग यह मानते हैं कि आधुनिक जीवविज्ञान का प्रारंभ गेस्नर से ही हुआ है। 16वीं शताब्दी के अंत तक जीवविज्ञान के मुख्य अंग, शरीररचना और कार्यिकी, जंतु और वनस्पतिशास्त्र में अलग अलग होकर प्रगति कर रहे थे। इन विषयों का अध्यापन कई विश्वविद्यालयों में प्रारंभ हो गया था। उत्तरी इटली के पैडुआ (Padua) विश्वविद्यालय के अध्यापक फैब्रीशियन (Fabricius) ने भ्रौणिकी पर अत्यधिक कार्य किया तथा शिराओं के कपाटों और आँख की रचना का यथार्थ वर्णन किया।

कार्यिकी अध्ययन का पुनर्जन्म -


फैब्रीशियम के प्रसिद्ध शिष्य विलियम हार्वी (William Harvey, सन्‌ 1578-1657) ने जंतुओं के रुधिर संचरण की खोज की। उन्होंने यह दिखाया कि रुधिर शरीर में निश्चित वाहिनियों में संचरण करता है न कि अत्र तत्र, सर्वत्र खुले (रिक्त) स्थानों में। उसने शरीर के कार्य की प्रथम तर्कयुक्त व्याख्या की। उसी काल, सन्‌ 1910 में गैलीलियो (Galileo) द्वारा संयुक्त सूक्ष्मदर्शी यंत्र (compound microscope) के अविष्कार से सूक्ष्मदर्शी युग का प्रारंभ हुआ। इस उपकरण की सहायता से प्रथम बार जीवित पदार्थों का अध्ययन कुछ नवयुवकों ने मिलकर शुरू किया। उन्होंने ऐकैडमी ऑव लिंक्स (Academy of Lynx) नामक पहली वैज्ञानिक संस्था की स्थापना की। परंतु दुर्भाग्यवश संस्था के प्रधान की मृत्यु के पश्चात्‌ संस्था स्वयं ही समाप्त हो गई और उसके साथ नियमित सूक्ष्मदर्शी अवलोकन भी समाप्त हो गया। परंतु सन्‌ 1660 के बाद रॉबर्ट हुक (Robert Hooke, सन्‌ 1635-1703) अँग्रेज, लीवेनहॉक (Leeuwenhock, सन्‌ 1632-1723) तथा स्वेमरडैन (Jan Swammerdan, सन्‌ 1632-80) डच और मैल्पिझाई (Malpighi, सन्‌ 1628-94) इटैलियन, जैसे सूक्ष्मदर्शीविज्ञ हुए। मैल्पिझाई ने हार्वी का कार्य आगे बढ़ाया तथा मेढ़क के फेफड़े में केशिका परिसंचरण (capillary circulation) का वर्णन किया। उसने फैब्रेशियस की भ्रौणिकी को भी आगे बढ़ाया तथा कुक्कुट के जीवन के प्रारंभिक काल के बड़े अच्छे चित्र दिए हैं। इसके अतिरिक्त पौधों की शरीररचना (plant anatomy) का भी खूब अध्ययन किया। वनस्पतिविज्ञान में ग्रियु ने सबसे पहले फूलों की लैंगिक प्रकृति के लक्षणों को पहचाना। स्वैमरडैन ने कीटों के रूपांतरणों का उल्लेख अपनी ''ए जेनरल हिस्ट्री ऑव इंसेक्ट्स'' नामक पुस्तक में किया तथा सूक्ष्मदर्शी प्रेक्षण का प्रसिद्ध संकलन किया, जो उसकी मृत्यु पश्चात्‌ प्रकाशित हुआ।

लीवेनहॉक के जीवाणुओं (bacteria) के सन्‌ 1683 में तथा शुक्राणुओं (spermatozoon) के सन्‌ 1677 में प्रेक्षण बड़े ही सराहनीय हैं। राबर्ट हुक का काग (coke) की कोशिकाभिति की सूक्ष्म रचना दिखाते हुए चित्रण आज तक प्रसिद्ध हैं। अंग्रेजी के सेल (cell) शब्द की उत्पत्ति उसके 'सेलुइ' (celluae) से हुई, जिसे उसने काग के षट्कोणीय (hexagonal) खानों के लिये किया था। इसके अतिरिक्त उसके दंश (Gnat) के जीवन इतिहास चक्र के अवलोकन भी बड़े सही सिद्ध हुए।

जीववर्गीकरण का प्रारंभिक प्रयास -


पौधों का क्रमिक वर्गीकरण मैथिऐस डे लोबेल (Mathias de l'obel, सन्‌ 1538-1616) के समय से प्रारंभ हुआ। इसने पत्तियों के आकार के अनुसार पौधों का वर्गीकरण किया और अपनी पुस्तक को रानी एलिज़ाबेथ (प्रथम) को सन्‌ 1570 में समर्पित किया। पैडुआ और पिसा के ऐंड्रियस सीसलपाइनस (Andreas Caesalpinus, सन्‌ 1519-1603) ने पौधों का उनके फूलों और फलों के अनुसार वर्गीकरण किया। जेस्पर्ड बॉहीं (Gespard Bauhin, सन्‌ 1550-1624) ने लगभग छ: हजार पौधों का वर्णन किया तथा पौधों की जातियों को छोटे छोटे प्रजातिवर्गों में रखा। इस प्रकार वंश (genus) तथा जाति (species) का वर्तमान ज्ञान यहीं से शुरु हुआ। क्रमिक वर्गीकर्ताओं में दो मित्र, जॉन रे (John Ray, सन्‌ 1627-1705) तथा फ्रैंसिस विलुघबी (Francies Willughby, सन्‌ 1635-72) भी सम्मिलित हैं। विलुघबी की अल्पायु में मृत्यु हो जाने के कारण, रे क्रमिक (systematic) जीवविज्ञान के प्रमुख संस्थापक हुए। इन्होंने पौधों को फूलों, फलों और पत्तियों के आधार पर (सासल पाइनस का अनुसरण करते हुए) तथा जंतुओं को हाथ पैर की उंगलियों तथा दाँतों के आधार पर विभाजित किया। दो पुस्तकें लिखी हुईं, एक वनस्पति विज्ञान पर (Synopsis of British plants) और दूसरी चौपायों और साँपों पर (Synopsis of Quadrupeds and Serpents), जो क्रमिक जंतु वर्गीकरण पर प्रथम पुस्तक कही जा सकती है।

महान वर्गीकर्ता लिनीयस -


वर्गीकरण को स्थायी एवं आधुनिक रुप देनेवाले थे स्वेड लिनीयस (Swede Linnaeus, सन्‌ 1707-78)। जीवों, विशेषकर पौधों, का उन्हें गूढ़ ज्ञान था तथा वर्गीकरण उनके रक्त में व्याप्त था। उस समय जितने भी परिचित जंतु तथा पौधे थे उन्होंने उनको श्रेणी (class), गण, वंश एवं जाति (species) के अनुसार स्थान दिया। इसके अतिरिक्त द्विपद नामकरण पद्धति को, जिसके अनुसार अब सभी जीवधारियों को वैज्ञानिक नाम दिया जाता है, जन्म दिया। इस पद्धति के अनुसार जीव के नाम के दो भाग होते हैं, वंशीय (generic) व जातीय (specific)।

इस प्रकार से लिनीयस जीवविज्ञानीय अधिनायक था, जिसका प्रभाव यह हुआ कि उसके मृत्युपरांत भी लगभग एक शताब्दी तक सभी देशों में उसी के भावानुसार कार्य होते रहे।

तुलनात्मक शरीररचना तथा कार्यिकी के अध्ययन का प्रारंभ -


जिस जंतु की शरीररचना का सर्वप्रथम अध्ययन हुआ वह स्वयं मनुष्य था। वेसेलियस (Vesalius) का मानव-शरीर रचना पर मोनोग्राफ (सन्‌ 1598) प्रशंसनीय है। जहाँ कहीं बन पड़ा उसने मनुष्य तथा जंतुओं में तुलना करने का प्रयास किया। 17 वीं शताब्दी में कई तुलनात्मक शरीररचना विज्ञ हुए, जिनमें शास्त्रीय सूक्ष्मदर्शीविज्ञों के नाम विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं। मैल्फिझाई का रेशम के कीड़ों संबंधी, स्बैमरडैन का मेफ्लाई (May-fly), मधुमक्खी तथा घोंघों पर तथा लिवेहाक के पिस्सू परिवर्धन (Development of Fleas) कार्य प्रसिद्ध हैं। तुलनात्मक कायिकी पर जिस कार्य को हार्वी में प्रारंभ किया था, स्टीफेन हेल्ज़ (Stephen Hales, सन्‌ 1677-1761) ने आगे बढ़ाया और पौधे की दैहिकी पर भी कार्य किया तथा मूल दाव को मापा। उसका सबसे प्रमुख कार्य यह प्रदर्शित करता था कि हवा पौधों की वृद्धि में सहायक है और इस प्रकार एक अर्थ में उसे कार्बन डाइऑक्साइड तथा पौधों के बीच संबंधस्थापक कहा जा सकता है। इस संबंध का निश्चित पता बहुत आगे चलकर लगा। उसने यह भी प्रदर्शित किया कि जंतुओं की रुधिर वाहिनियों में रक्तचाप होता है। 18वीं शताब्दी के प्रसिद्ध प्रकृतिविज्ञ रेओम्यूर (Reaumur, सन्‌ 1683-1757) ने जंतुओं संबंधी विविध बातों का, जैसे क्रस्टेशिया (Crustacea) में पुनर्जनन (regeneration) स्टारफिश के संचारण, टारपीडो मछली के विद्युतदुपकरण, समुद्री स्फुरदीप्ति (phosphorescence) शैवाल वृद्धि, पक्षियों के पाचन, मकड़ी के रेशम आदि का अध्ययन किया। इनके अतिरिक्त कीटपरिवर्धन पर चाप के प्रभाव का भी अध्ययन किया। तदुपरांत लायोने (Lyonef, सन्‌ 1707-89) तथा अब्राहम ट्रेंबले (Albraham Trembley, 1710-84) जैसे कुशल जीववैज्ञानिक हुए। लायोने ने एक विशेष इल्ली में तीन हजार मांसपेशियाँ प्रदर्शित की। ट्रेंबले का हाइड्रा (Hydra) का कार्य सराहनीय है।

अभी तक तुलनात्मक अध्ययन केवल वैयक्तिक कर्ताओं के पास था। जार्ज कुव्ये (George Cuvier, सन्‌ 1769-1832) ने, जिसका फ्रांस के विद्वानों पर बड़ा प्रभाव था, तुलनात्मक अध्ययनों के लिये कई संगठन स्थापित किए जो अब तक चल रहे हैं। कुव्ये का सबसे महत्वपूर्ण कार्य फॉसिल विज्ञान की संस्था को स्थापित करना था, जिससे फॉसिल (जीवाश्म) विज्ञान के अध्ययन की नींव पड़ी। इसके अतिरक्ति उसने मोलस्का के शरीर का अध्ययन तथा मत्स्य का क्रमिक वर्गीकरण भी किया।

जहाँ कुव्ये एवं उसकी संस्था तुलनात्मक शरीर के अध्ययन पर लगी थी, जर्मनी के जोहैनीज़ पीटर मुलर (Johannes Peter Muller, सन्‌ 1801-58) ने तुलनात्मक कायिकी की नींव डाली। जीवविज्ञान की शायद ही कोई ऐसी शाखा रही हो जिस पर मुलर ने अपनी छाप न छोड़ी हो।

वनस्पति-फॉसिल विज्ञान जंतु-फॉसिल-विज्ञान के पश्चात्‌ प्रारंभ हुआ तथा विलिऐमसन (W. C. Williamson, सन्‌ 1816-95) के समय में यह क्रम से अधिक विकसित हुआ और 20वीं शताब्दी में जंतु-फासिल-विज्ञान के बराबर हो गया।

जीवविज्ञान की उन्नति पर भौगोलिक समन्वेषण (exploration) का प्रभाव -


15वीं शताब्दी के अंत में यूरोपीय देशों ने पूर्वी और पश्चिमी दिशाओं में अपने अभियान आरंभ कर दिए थे। इस प्रकार विदेशों का प्राकृतिक ज्ञान एकत्रित होने लगा और पहली बार यह पता चला कि दूरस्थ देशों के अपने विशिष्ट जीवधारी हैं। 18वीं शताब्दी में इन अभियानों में प्रशिक्षित, प्रकृति वैज्ञानिक, सर जोज़ेफ बैंक्स (Joseph Banks, सन्‌ 1743-1820) तथा लिनीयस के शिष्य डैनियल सीo सोलैंडर (Daniel C. Solander, सन्‌ 1736-82) थे। इन्होंने प्रशांत महासागर के पादपों तथा प्राणियों संबंधी अन्वेषण किए। तदुपरांत दूसरा प्रसिद्ध अभियान बीगिल (Beagle) नामक जहाज द्वारा सन्‌ 1831 में किया गया, जिसने पृथ्वी के पूर्वी तथा पश्चिमी गोलार्धों की परिक्रमा की। इस अभियान के वैज्ञानिक चार्ल्स डारविन (Charles Darwin, सन्‌ 1804-82) थे और यह अभियान जीवविज्ञान के इतिहास में बड़े महत्च का था, क्योंकि इसमें न केवल असंख्य नवीन जीवधारियों का ज्ञान हुआ वरन्‌ जीवविज्ञान में एक नई विचारधारा को जन्म मिला, जो आगे चलकर डारविन के विकासवाद के नाम से प्रसिद्ध हुआ।

इसके अतिरिक्त इस अभियान से पृथ्वी के प्राणिभौगौलिक और पादप भौगौलिक भागों का ज्ञान प्राप्त हुआ। सन्‌ 1872 में चैलेंजर (Challenger) नामक अभियान हुआ, जिसमें समुद्र की गहराई तथा समुद्री जल का अध्ययन करके समुद्रविज्ञान (Oceanography) की नींव डाली गईं।

पौधों और जंतुओं की जननक्रिया में तुलना -


अभी तक पौधों और जंतुओं की जनन की रीतियाँ मूलत: भिन्न समझी जाती थीं, जिसके कारण दोनों में भारी भेद माना जाता था। पौधों में लिंग (sex) का ज्ञान सर्वप्रथम आरo जेo कैमेररियस (R.J. Camerarius, सन्‌ 1665-1721) ने कराया था। लिनीयस ने इस सत्य को अपने वर्गीकरण में साधारण रूप से अपनाया। 18वीं शताब्दी में कई वनस्पति वैज्ञानिक एक वंश के फूल के परागकण से दूसरे वंश के फूल का सेचन करने में सफल हुए। कोररॉयटर (J. G. Kolreuter, सन्‌ 1733-1806) ने भी संकेत किया कि गर्भाधान का मुख्य अभिकर्ता (agent) हवा है तथा कुछ फूल स्वयं परागित और कुछ कीट परागित होते हैं। उसने बीज वितरण पर भी प्रकाश डाला और बताया कि मिसलटो (mistletoe) में पक्षियों द्वारा बीजवितरण होता है। इस सत्य की पुष्टि चार्ल्स डारविन ने की। जर्मनी के स्प्रेंजल (C., K. Sprengel, सन्‌ 1750-1816) ने परागण अध्ययन को और आगे बढ़ाया। अपनी एक पुस्तक में उन्होंने बताया कि कुछ फूल अपनी बनावट के कारण केवल कीट और कुछ केवल हवा द्वारा ही परागित हो सकते हैं तथा वायु-परागित पुष्प कम मात्रा में तथा हलके, और अन्य तरीकों से परागित पुष्प कम मात्रा में और भारी पराग, उत्पन्न करते हैं। इसके अतिरिक्त संसेचन (fertilization) क्रिया में मकरंद ग्रंथि (nectary) का भी संबंध बताया। संसेचन क्रिया का सर्वप्रथम प्रेक्षण इटली के बहुमुखी प्रतिभाशाली, सूक्ष्मदर्शीविज्ञ, जीo बीo अमिसी (G. B. Amici, सन्‌ 1786-1863) ने किया। सन्‌ 1823 में सूक्ष्मदर्शी द्वारा, जिसे उन्होंने स्वयं परिमार्जित किया था, परागकणों से निकले परागनाल को देखा और सन्‌ 1830 में परागनाल को अंडाश्य में होकर बीजांड (ovule) के अंडद्वार (micropyle) में जाते देखा। इसकी पुष्टि बाद के वैज्ञानिकों ने की।

पौधे और जंतुओं की कोशिका प्रकृति (cellular nature) की स्थापना-विशाट (M. F. X. Bichat, सन्‌ 1771-1802) ने लगभग 21 भिन्न ऊतकों का अध्ययन करके औतिकी (Histology) की नींव डाली। 'हिस्टॉलोजी शब्द का निर्माण रिचार्ड ओबेन (Richardowen, सन्‌ 1845) ने किया था। 17वीं शताब्दी में कई एककोशिका जंतुओं, जैसे बोर्टिसिला (Vorticella, सन्‌ 1667), जीवाणु (Bacteria, सन्‌ 1684), पैरामीशियम (Paramaecium, सन्‌ 1702) व अमीबा (Amoeba, सन्‌ 1755) के अध्ययन से एककोशिका जंतुओं के विषय में कुछ ज्ञान की वृद्धि हुई। सन्‌ 1833 में राबर्ट ब्राउन (Robert Brown) ने पौधे के गर्भाधान का वर्णन करते समय केंद्रक (nucleus) की उपस्थिति की ओर संकेत किया, परंतु उसे कोशिका या केंद्रक का स्पष्ट ज्ञान न था। थीओडोर श्वान (Theodor Schwann, सन्‌ 1839) ने कोशिकावाद (Cell Theory) स्थापित करके यह बताया कि सभी प्राणी कोशिकाओं से बने हैं। पुरकिनये (J. E. Purkinje, 1782-1869) ने सर्वप्रथम प्रोटोप्लाज्म (Protoplasm) शब्द का प्रयोग किया। कोशिकावाद स्थापित हो जाने के बाद औतिकी अध्ययन का विशेष महत्व हो गया।

जीवोत्पत्ति (Originof Life)-


जब तक जीव की उत्पत्ति कृत्रिम रीति से प्रयोगशालाओं में नहीं हो जाती, तब तक यह बताना कठिन, संभवत: असंभव है, कि जीव का किस प्रकार आविर्भाव हुआ। फिर भी आदि काल से ही मनुष्य जीवोत्पत्ति की व्याख्या करने की चेष्टा में लगा रहा है। उसकी यह चेष्टा संक्षेप में निम्नलिखित है:

1. ईश्वरवाद या विशिष्ट सृष्टिवाद (Special Creation)-इस वाद के अनुसार जीव किसी दैवी शक्ति द्वारा एक साथ, या कुछ समय के अंतर पर, उत्पन्न हुए हैं तथा प्रत्येक जीव की उत्पत्ति अलग अलग हुई है।

2. ब्रह्मांडवाद (Cosmic Theory)-प्रोटोप्लाज्म अथवा इससे भी साधारण रूप में जीवित पदार्थ ब्रह्मांड के किसी अन्य स्त्रोत से पृथ्वी पर अकस्मात आ गए और बढ़ते रहे।

3. प्रकृतिवाद (Naturalistic Theory)-इस वाद के अनुसार जब पृथ्वी रहने योग्य हुई तो किसी विशेष परिस्थिति या दशा में कुछ तत्वों में योग हुआ और एक मिश्रण या यौगिक बना, जिसमें जीवित पदार्थ के कुछ गुण थे। इस पदार्थ ने क्रमश: कोशिका का रूप लिया और आगे चलकर जंतु और पौधों को जन्म दिया।

4. स्वत: जननवाद (Spontaneous Generation)-प्राचीन प्रकृतिवादियों (अरस्तू, थियफ्रोास्टस आदि) का विश्वास था कि कम से कम निम्र जीवों की उत्पत्ति निर्जीव पदार्थों से होती है; उदाहरणार्थ कीड़े व टैडपोल कीचड़ से और मक्खियाँ जंतु शव से उत्पन्न होती हैं। यह धारणा 17वी शताब्दी तक बनी रही, परंतु उन्हीं दिनों सूक्ष्मदर्शी के आविष्कार से यह धारणा विवाद ग्रस्त बन गई और धीरे धीरे यह ज्ञात होने लगा कि सूक्ष्म से सूक्ष्म जीवों को भी जीव ही उत्पन्न कर सकते हैं, न कि निर्जीव पदार्थ। इस विवाद को समाप्त करने का सर्वप्रथम वैज्ञानिक अनुसंधान इटली के फ्रांसिस्को रेडी (Francisco Redi, सन्‌ 1726-67) ने किया। फिर लुई पैस्टर (Pasteur, सन्‌ 1822-95) ने अपने प्रयोगों से उपर्युक्त धारणा को गलत सिद्ध कर दिखाया। पैस्टर के प्रयोगों ने पास्चुरीकरण (Pasteurization) क्रिया को जन्म दिया, जिसके द्वारा किसी भी पदार्थ को सूक्ष्म जीवों से रहित करके शुद्ध किया जाता है।

विषाणु-विषाणु निम्न (जीवाणु से भी निम्न) कोटि के जीव हैं, जो स्वतंत्र जीवन न बिताकर पौधों और जंतुओं की कोशिकाओं में, केवल परोपजीवी के रूप में ही, रह सकते है। साधारणतया ये इतने छोटे होते हैं कि केवल इलेक्ट्रॉन सूक्ष्मदर्शी द्वारा ही देखे जा सकते हैं। इनकी विशेषता यह है कि इन्हें निर्जीव पदार्थों की भाँति मणिभ बनाकर निम्न से निम्न ताप पर (जिस पर और सभी सजीव पदार्थ नष्ट हो जाते हैं) अनिश्चित समय तक रखा जा सकता है। अनुकूल वातावरण पाते ही ये जीवित हो उठते हैं। पहले ऐसा अनुमान था कि विषाणु ही जीवों के जन्मदाता है, परंतु अब पता चला हे कि ये पर्याप्त उच्चस्तर के जीव हैं। अस्तु जीवोत्पत्ति के स्त्रोत ये नहीं हो सकते।

Hindi Title


विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia)




अन्य स्रोतों से




संदर्भ
1 -

2 -

बाहरी कड़ियाँ
1 -
2 -
3 -