मदुरै

Submitted by Hindi on Sat, 08/27/2011 - 14:50
मदुरै (मदुरा) 1. जिला, यह भारत के मद्रास राज्य का एक जिला है। इसके दक्षिण तथा दक्षिण-पूर्व में रामनाथपुरम, उत्तर-पूर्व में तिरुच्चिरापल्लि, उत्तर-पश्चिम में कोर्यपुत्तूर जिले तथा पश्चिम में केरल राज्य स्थित है। इसका क्षेत्रफल 4,910 वर्ग मील तथा जनसंख्या 32,11,227 (1961) है। वार्षिक वर्षा का औसत 40 इंच है जो अधिकतर जाड़ों में होती है। वर्षा के असमान वितरण के कारण कृषि के लिये सिंचाई की आवश्यकता पड़ती है। पैरियर नदी यहाँ की प्रमुख नदी है। कृषि में धान, कपास, मूँगफली तथा कुछ मोटे अनाज उगाए जाते हैं।

2. नगर, स्थिति : 955' उo अo तथा 7810 पूo देo। मदुरै जिले में, तिरुच्चिरापल्लि से 70 दक्षिण, वैगाई नदी के किनारे स्थित, दक्षिणी मद्रास राज्य का दूसरा सबसे बड़ा तथा सुंदर नगर है। सुप्रसिद्ध मीनाक्षी मंदिर यहीं पर स्थित है जो दक्षिणी भारत के प्रसिद्ध मंदिरों में से एक है। यह मंदिर अपने सुनहरे कलयुक्त तालाब के लिये भी प्रसिद्ध है। मंदिर, गोपुरमों से युक्त एक दीवार द्वारा घिरा है। ये गोपुरम 152 फुट तक ऊँचे हैं और सुंदर नक्काशी से सजाए गए हैं। मंदिर के भीतर कई खंभों वाला एक जगमोहन या मंडप हैं जिससे होकर तालाब को सीढ़ियाँ गई हैं। यहाँ शिक्षा का प्रबंध उत्तम है। नगर जिले का व्यापारिक, औद्योगिक तथा धार्मिक केंद्र है। उद्योगों में सूत कातने, रँगने, मलमल बुनने, लकड़ी पर खुदाई का काम तथा पीतल का काम होता है। यहाँ की जनसंख्या 4,24,810 (1961) है।

इतिहास :


पहले इसका नाम मधुरा या मधुरापुरी था। कतिपय शिलालेखों तथा ताम्रपत्रों से विदित होता है कि 11वीं शती तक यहाँ, बीच में कुछ समय को छोड़कर पांड्य राजवंश का शासन था। इस वंश के अंतिम राजा सुंदर पांड्य के समय मलिक काफूर ने मदुरा पर आक्रमण किया (1311 ईo) (देo पांड्य राजवंश)। 1372 में कंपन उदैया ने इसपर अधिकार कर लिया और यह विजयनगर साम्राज्य में मिला लिया गया। 1559-63 ईo तक नायक वंश के प्रतिष्ठाता विश्वनाथ ने राज्य का विस्तार किया। राजा तिरुमल की मृत्यु (1659) के बाद (देo 'नायक') मदुरा राज्य की शक्ति क्षीण होनी लगी। 1740 में चाँद साहब के आक्रमण के बाद नायक वंश की सत्ता समाप्त हो गई। कुछ समय पश्चात्‌ इसपर अंग्रेजों का शासन स्थापित हो गया। मूर्ति और मंदिर निर्माण के शिल्प की दृष्टि से मदुरा का विशेष महत्व है। मीनाक्षी और सुंदरेश्वर शिव के मंदिर प्राचीन भारतीय शिल्प के उत्कृष्ट उदाहरण हैं। [रमेश चंद्र दुबे]

Hindi Title


विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia)




अन्य स्रोतों से




संदर्भ
1 -

2 -

बाहरी कड़ियाँ
1 -
2 -
3 -