मेलबर्न (Melbourne)

Submitted by Hindi on Thu, 09/01/2011 - 09:59
मेलबर्न (Melbourne) यह आस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य की राजधानी एवं सबसे बड़ा नगर है जो पोर्ट फिलिप खाड़ी के उत्तरी तट पर, यारा नदी के किनारे स्थित है। यहाँ की जलवायु ऊष्ण है, औासत वार्षिक ताप 15° से 19° सें. रहता है। इस नगर की उच्चतम ताप 45° सें. तक लिया गया है। वार्षिक वर्षा का औसत 25.66 इंच है। 1835 ई. में अपराधी आवास के रूप में इसकी स्थापना हुई थी। सन्‌ 1837 में इंग्लैंड के तत्कालीन प्रधान मंत्री लार्ड मेलबर्न के नाम पर इस नगर का नामकरण किया गया। 1851 ई. में सोने की प्राप्ति की घोषणा के फलस्वरूप इसकी उन्नति तेजी से होने लगी। रेलमार्ग एवं सड़कों का निर्माण मेलबर्न बंदरगाह तक शीघ्र ही हो गया। इस प्रकार थोड़े ही समय में मेलबर्न आस्ट्रेलिया का सबसे बड़ा नगर हो गया। एक वर्ग मील के आयताकार खंडों में इसकी निर्माण योजना बनाई गई थी, जो बाद में चारों ओर बढ़ गई। मुख्य नगर में कई सुंदर आयताकार सड़के हैं जिनमें बुर्के, फ्लिडर्ज एवं कार्लिस उल्लेखनीय हैं। सेंट फिल्डा रोड लगभग 300 फुट चौड़ी है। मेलबर्न अपने विस्तृत पार्क, सायेदार वृक्ष वाली सड़कों तथा छिटके हुए निजी भवनों के लिये प्रसिद्ध है। विक्टोरिया राज्य के रेल एवं सड़क मार्ग यहीं से चारों ओर को जाते हैं तथा संसार के प्रसिद्ध नगरों के लिये वायु सेवाएँ भी हैं।

यह प्रारंभ से ही एक व्यापारिक एवं वित्तीय नगर रहा है। आस्ट्रेलिया के अधिकांश बैंकों का प्रधान कार्यालय मेलबर्न में ही हैं। विक्टोरिया राज्य के 70 प्रतिशत कारखाने तथा 81 प्रतिशत श्रमिक इस नगर में हैं। यहाँ वायुयान, अभियांत्रिकी एवं बिजली के यंत्र, मोटरें, वस्त्र, सिगरेट, फल संरक्षण एवं जलयान के कारखाने हैं। इनके अतिरिक्त रबर एवं शीशे की वस्तुएँ भी बनाई जाती हैं। नगर समुद्र से 50 मील दूर है। पोर्ट फिलिप की उथली खाड़ी में से होकर बड़े-बड़े जहाज यहाँ आते हैं। जिनके ठहरने की सुविधाएँ भी हैं। यह फ्लेमिंगटन घुड़दौड़ का प्रसिद्ध स्थान है, जहाँ प्रति वर्ष घुड़दौड़ के लिये 'मेलबर्नकप' दिया जाता है। यह वायु एवं नौसेना केंद्र तथा ताप विद्युत केंद्र है। यहाँ टकसाल, दो बड़े गिरजाघर, विश्वविद्याल, संग्रहालय, प्रातिधिक महाविद्यालय, कला गैलरी एवं संसद भवन हैं। इसकी जनसंख्या 19,56, 400 (1962) है। [राजेंद्रप्रसाद सिंह]

Hindi Title


विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia)




अन्य स्रोतों से




संदर्भ
1 -

2 -

बाहरी कड़ियाँ
1 -
2 -
3 -