मलेशिया

Submitted by Hindi on Sat, 08/27/2011 - 16:00
मलेशिया यह दक्षिण-पूर्वी एशिया में स्थित एक संघ है। 16 सितंबर, 1963 ईo को इसमें मलाया प्रायद्वीप, सिंगापुर, साबाह (देखें नॉर्थ बोर्नियों) एवं सारावाक (देखें बोर्नियो) नामक ब्रिटिश उपनिवेशों के विलयन के फलस्वरूप मलेशिया गणतंत्र की स्थापना हुई। 9 अगस्त, 1965 ईo को आपसी समझौते द्वारा सिंगापुर मलेशिया से अलग हो गया एवं एक स्वतंत्र राष्ट्र बन गया (देखें, सिंगापुर)। इस देश का संविधान भूतपूर्व मलयम संघ के संविधान पर ही आधारित है, फिर भी साबाह और सारावाक की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। यहाँ की राजभाषा मलय तथा राजधानी क्वालालंपुर है। मलेशिया का क्षेत्रफल 1,30,224 वर्ग मील है। देश की सुरक्षा के लिये सुव्यवस्थित स्थल, वायु एवं जलसेनाएँ हैं। क्वालालंपुर के निकट सुंगेई बेसी नामक स्थान पर संघीय सैनिक महाविद्यालय है जहाँ सशस्त्र सेनाओं के अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाता है।

मलय राज्य या मलाया--सुमात्रा द्वीप के उत्तर में एक प्रायद्वीप है। इस राज्य में भूतपूर्व मलय संघ के जोहोर, केदाह, केलांटन, मलैका, नेग्रीसेंबिलान, पाहैंग, पेनांग, पेराक, सेलैंगर, ट्रेंगानू एवं परलिस नामक 11 प्रदेश संमिलित हैं। इसका क्षेत्रफल 50,700 वर्ग मील एवं है। यहाँ के निवासियों में आधे मलय तथा शेष में चीनी, भारतीय एवं पाकिस्तानी हैं। यहाँ का प्रधान धर्म इस्लाम एवं भाषा मलय है। क्वालालंपुर यहाँ की राजधानी एवं प्रमुख नगर है। अन्य महत्वपूर्ण नगरों में जॉर्जटाउन, इपोह, क्लांग, मलैक्रा, ताइपिंग, सेरेंबान आदि हैं। शिक्षा की काफी प्रगति हुई है। उच्च शिक्षा क्वालालंपुर के तकनीकी महाविद्यालय एवं मलय विश्वविद्यालय में दी जाती है। मैदानी भाग में 100 इंच तक तथा पहाड़ी भाग में 200 इंच तक वर्षा होती है। यहाँ का औसत ताप 22सेंo से लेकर लगभग 33सेंo के मध्य तक रहता है।

मलाया का अधिकांश घने जंगलों, पर्वतों एवं दलदलों से ढका है। इसके उत्तर में थाईलैंड, पूर्व में दक्षिणी चीन सागर, दक्षिण में सिंगापुर एवं पश्चिम में मलैका जलडमरूमध्य एवं अंदमान सागर स्थित हैं। पर्वतश्रेणियाँ प्राय: उत्तर से दक्षिण को फैली हैं जिनकी ऊँचाई 7,000 फुट तक है। ये आवागमन में बड़ी बाधा उत्पन्न करती हैं। यहाँ के विस्तृत जंगलों में कपूर, चंदन, टीक, ताड़, नारियल और एबोनी के वृक्ष मिलते हैं। यहाँ ताड़ का तेल, जटाजूट एवं नारियल की गरी तथा तेल पर्याप्त मात्रा में प्राप्त होता है। मलाया कच्चे माल का प्रमुख उत्पादक क्षेत्र है। यहाँ से रबर एवं टिन बड़ी मात्रा में बाहर भेजा जाता है। निर्यात की अन्य वस्तुओं में गरी का तेल, गरी, लौह धातु, एवं लकड़ी का स्थान प्रमुख है। यहाँ टिन के अलावा बौक्साइट, इल्मेनाइट तथा सोना भी मिलता है। यहाँ पर कृषि में धान का स्थान सर्वप्रमुख है। यहाँ के लोगों का मुख्य भोजन चावल एवं मछली है। चाय भी पैदा होती है।

यहाँ पर उद्योग धंधे सीमित हें। पेनांग में टिन गलाया जाता है। उद्योगों के लिये जलविद्युत पर्याप्त मात्रा में उत्पन्न कर ली जाती है। मलाया के बड़े बड़े नगर रेलों के द्वारा आपस में संबद्ध हैं। प्रायद्वीप के पश्चिमी तट पर जनसंख्या सघन है। जॉर्जटाउन इस राज्य का प्रमुख नगर हे। [ राजेंद्रप्रसाद सिंह]

Hindi Title


विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia)




अन्य स्रोतों से




संदर्भ
1 -

2 -

बाहरी कड़ियाँ
1 -
2 -
3 -