मॉस्को

Submitted by Hindi on Wed, 08/31/2011 - 09:18
मॉस्को स्थिति: 55˚ 45' उ. अ. तथा 37˚ 35' पू. दे.। मॉस्को सोवियत सोशलिस्ट गणराज्य संघ की जो राजधानी तथा सबसे बड़ा नगर 116 वर्ग मील पर फैला है। यह यूरोपीय रूस के मध्य में मॉस्को नदी पर स्थित है। मॉस्को नदी वौल्गा की सहायक ओका नदी की सहायक है। क्रेमलिन इस नगर का मुख्य राजनीतिक केन्द्र है जहाँ सरकारी, इमारतें, गिरजाघर तथा प्राचीन राजाओं के प्रासाद स्थित है। यहीं पर लाल चौक (Red Square) में लेनिन की समाधि स्थापित है। यह भाग मॉस्को का मुख्य क्रय-विक्रय-केन्द्र है जिसमें बड़े बड़े वस्तुभंडारों के अतिरिक्त बड़े बड़े होटल तथा प्रेस भी स्थित हैं। रूस की कम्युनिस्ट पार्टी का मुख्य कार्यालय, प्रेसिडियम, प्रचार विभाग, प्रमुख मंत्रालय, राष्ट्रीय नियोजन विभागश् का मुख्य केंद्र तथा सैनिक कार्यालय और सभी महत्वपूर्ण केंद्रीय इमारतें मॉस्को के इसी भाग में स्थित हैं। यह नगर रूस का वैज्ञानिक प्रचारकेन्द्र भी है। यहाँ लगभग 82 महाविद्यालय, विश्वविद्यालय तथा वैज्ञानिक अकादमी स्थापित हैं। मॉस्को रेल यातायात का भी मुख्य केंद्र है। नगर से 11 रेलवे लाइनें विभिन्न दिशाओं को जाती है। जल यातायात की भी अच्छी सुविधा प्राप्त है। नगर के उत्तर की ओर 80 मील लंबी नहर निर्मित है जिससे वॉल्गा का जल मॉस्को नदी में प्रवेश करता है। इस नहर से मॉस्को नगर को पीने का पानी मिलता है, बिजली प्राप्त होती है तथा बड़े बड़े जहाज नगर के भीतरी भाग तक पहुँच सकते हैं। बॉल्टिक सागर, श्वेत सागर, काला सागर, एजॉव तथा कैस्पिऐन सागर को भी नहरों द्वारा नगर से संबंधित कर दिया गया है। इसी कारण मॉस्को को पाँच सागरों का बंदरगाह की संज्ञा दी गई है।

मॉस्को रूस का सबसे बड़ा औद्योगिक नगर है। आज यहाँ हर प्रकार की वस्तुओं का निर्माण हो रहा है, जिसमें मशीनों का निर्माण भी सम्मिलित है। अपनी भौगोलिक स्थिति के कारण यह नगर बहुत दिनों तक ज़ार की राजधानी बना रहा। 1711 ई. में पीटर महान्‌ के काल में सेंटी पीटर्सबर्ग राजधानी घोषित किया गया, जिसके पश्चात्‌ इसका विकास रुक गया। 1812 ई. में नेपोलियन के आक्रमण के समय नगर अग्नि की ज्वाला में भस्म हो गया। तत्पश्चात्‌ नगर को फिर नए रूप में बसाया गया और उसका उत्तरोत्तर विकास होता गया। 1912 ई. में लेनिन ने मॉस्को को फिर देश की राजधानी घोषित किया। सन्‌ 1941 में जर्मनों के आक्रमणों से नगर की काफी क्षति हुई। इस समय यह नगर रूस की राजधानी, सबसे बड़ा नगर तथा यूरोप के तीन विशाल नगरों में से एक है। इसकी जनसंख्या 62,96,000 (1962) है। [उजागर सिंह]

Hindi Title


विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia)




अन्य स्रोतों से




संदर्भ
1 -

2 -

बाहरी कड़ियाँ
1 -
2 -
3 -