नागपुर

Submitted by Hindi on Thu, 08/18/2011 - 11:03
नागपुर 1. जिला, भारत में महाराष्ट्र प्रदेश का मंडल (डिवीजन), जिला एवं नगर है। इसका क्षेत्रफल 3,842 वर्ग मील तथा इसके उत्तर में मध्य प्रदेश राज्य के सिवनी एवं छिदवाड़ा जिले, पूर्व में भंडारा, दक्षिण एवं दक्षिण-पश्चिम में चांदा, वर्धा तथा अमरावती जिले का कुछ भाग पड़ता है। इसका धरातल पहाड़ी है। इसके उत्तर में सतपुड़ा की पहाड़ियाँ हैं, जो पश्चिम में सँकरी एवं पूर्व की ओर चौड़ी होती जाती हैं। पहले यह मध्य प्रदेश का जिला था, किंतु महाराष्ट्र राज्य बनने के बाद इसका जिला बन गया।

जलवायु की दृष्टि से यह भारत के सबसे अधिक गर्म भागों में से एक है। यहाँ का मई महीने का ताप 46.7रू सें. हो जाता है तथा जाड़ों में दिन का अधिक से अधिक ताप 320 सें. तथा कम से कम ताप 100 सें. तक पहुँच जाता है। यहाँ की औसत वार्षिक वर्षा 46 है। यहाँ की अधिकांश मिट्टी काली है, जो कपास की खेती के लिए उत्तम है। कृषि में ज्वार, तिल, चना, धान और फल, विशेषत: नारंगी आदि अधिक उगाए जाते हैं। नारंगी का व्यापार भी किया जाता है। यहाँ लाल मिर्च, एरंड, तंबाकू तथा पान की खेती बहुत अच्छी होती है। पान की कपूरी तथा बँगला जातियाँ प्रसिद्ध हैं। खनिज की दृष्टि से यह जिला विशेष धनी है। कई स्थानों पर मैंगनीज अयस्क और सफेद पत्थर निकाले जाते हैं।

हाथ से सूती कपड़ा बुनना प्रमुख उद्योग है। नागपुर इसका प्रमुख केंद्र है जहाँ कपड़े की बुनाई बड़े पैमाने पर होती है। बाहर से रेशम मँगाकर उसकी कताई की जाती है। यहाँ पीतल का काम भी होता है। यहाँ से बाहर जानेवाली वस्तुओं में नारंगियाँ, कृषि के उत्पाद, सूती एवं रेशमी कपड़े, हाथ निर्मित कपड़े, मैंगनीज अयस्क आदि प्रमुख हैं। यहाँ बाहर से आनेवाली वस्तुओं में चावल, बाँस, कपास, नामक, शक्कर, मिट्टी का तेल, ऊनी एवं लोहे के सामान आदि प्रमुख हैं। इस जिले के प्रमुख नगर उमरेड़, काटोल, रामटेक, नारखेड़, सावनेर, खापा, कलमेश्वर तथा मोहपा आदि हैं।

2. नगर, स्थिति : उ.अ. तथा पू.दे.। उपर्युक्त जिले का प्रसिद्ध नगर है, जो बंबई से 520 मील पूर्व और कलकत्ता से 701 मील पश्चिम में स्थित है। नाग नामक छोटी नदी के किनारे स्थित होने के कारण ही इसका नाम नागपुर पड़ा है। यह दक्षिण-पूर्व की ओर ढालुए मैदान पर बसा है। इस नगर के एक तरफ 'सीताबल्दी' किला है तथा दूसरी तरफ जलपूर्ति करनेवाला जलभंडार बना है। पहले यह भोंसले राजाओं का प्रमुख शासनकेंद्र था। उद्योगों में इसका स्थान प्रमुख है। यहाँ कपड़े की बुनाई तथा छपाई का काम अधिक होता है। निकटस्थ क्षेत्रों में फलों के बगीचे बड़ी संख्या में हैं। यह रेलवे, सड़कों, व्यापार तथा उद्योग का केंद्र है। यह कलकत्ता, बंबई, मद्रास, दिल्ली इन चार प्रमुख नगरों के मध्य स्थित होने के कारण काफी उन्नति कर गया है। नागपुर से 10 मील उत्तरपूर्व में कांप्टी का प्रसिद्ध औद्योगिक तथा सैनिक केंद्र है। 1923 ई. में यहाँ नागपुर विश्वविद्यालय की स्थापना हुई थी।

Hindi Title


विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia)




अन्य स्रोतों से




संदर्भ
1 -

2 -

बाहरी कड़ियाँ
1 -
2 -
3 -