नाइऐगारा

Submitted by Hindi on Thu, 08/18/2011 - 10:21
नाइऐगारा (नियाग्रा, Niagara) 1. नदी, नाइऐगारा नदी कैनाडा तथा संयुक्त राज्य, अमरीका के मध्य उत्तर दक्षिण दिशा में 36 मील तक बहती हुई इरी तथा आँटेरियो झीलों को मिलाती है। इस नदी की ढाल तीव्र है, क्योंकि 36 मील की दूरी में इसकी सतह की ऊँचाई 326 फुट कम हो जाती है। सबसे अधिक ढाल नाइऐगारा प्रपात पर मिलती है।

नाइऐगारा नदी की चौड़ाई एक मील से कम है। कहीं भी इसकी गहराई 21 फुट से अधिक नहीं है। ऊपरी भाग में धारा मंद है, परंतु प्रपात से तीन मील ऊपर धारा तेज हो जाती है। प्रपात के ठीक नीचे पानी के अधिक ऊँचाई से गिरने के कारण सतह से नीचे 30 फुट गहरा गड्ढा बन गया है। तत्पश्चात्‌ गहरी घाटी में यह मंद चाल से बहती है। ह्वर्लपूल (Whirl pool) झरने के बाद सात मील तक यह इतनी धीमी गति से बहती है कि गहरी घाटी के अंत तक स्टीमर आसानी से चल सकते हैं।

नाइऐगारा नदी से पानी नहर द्वारा निकालकर जलविद्युत्‌ पैदा की जाती है। इसके लिए कैनाडा तथा संयुक्त राज्य, अमरीका के बीच संधि हुई है। लगभग 10,00,000 किलोवाट जलविद्युत उत्पन्न की जाती है।

2. प्रपात, इस प्रपात के दो भाग हैं, एक हॉर्स शू प्रपात (Horse Shoe falls) तथा दूसरा अमरीकन प्रपात। इनकी ऊँचाइयाँ क्रमश: 162 फुट और 167 फुट है। हॉर्स शू प्रपात के पानी का आयतन अमरीकन प्रपात से 19 गुना अधिक है। नाइऐगारा पाक्से कमीशन के अनुसार हॉर्स शू प्रपात से प्रति मिनट 11,40,00,000 गैलन पानी गिरता है, जब कि अमरीकन प्रपात से केवल 60,00,000 गैलन। जैसा नाम से ही स्पष्ट है, हॉर्स शू प्रपात की चोटी टेढ़े मेढ़े अर्धवृत्त अर्थात्‌ घोड़े की नाल के आकार से मिलती जुलती है, जिसके मध्य में नदी की सबसे गहरी धारा गिरती है। परिणामस्वरूप, मध्यभाग में कटाव अधिक होता है, जिससे दिनोदिन इस प्रपात का स्वरूप ठीक घोड़े के खुर के आकार का होता जा रहा है। इस प्रपात की चोटी का विस्तार 2,600 फुट है। अमरीकन प्रपात की चोटी सीधी है जिसका विस्तार 1000 फुट है। इसी के अंतर्गत लूना प्रपात भी सम्मिलित है, जो प्रधान अमरीकन प्रपात से लूना द्वीप द्वारा विभाजित है। हॉर्स शू प्रपात का कटाव, एक भूगर्भवेत्ता के अनुसार सन्‌ 1678 स आजतक इसकी ऊँचाई का सातगुना है।(जगदीश सिंह)

Hindi Title


विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia)




अन्य स्रोतों से




संदर्भ
1 -

2 -

बाहरी कड़ियाँ
1 -
2 -
3 -