नॉटिंघम

Submitted by Hindi on Thu, 08/18/2011 - 11:14
नॉटिंघम यह इंग्लैंड के नॉर्टिघमशिर काउंटी की राजधानी एवं नगर है, जो ट्रेंट नदी पर लंदन से 121 मील दूर (सड़क द्वारा) उत्तर-उत्तर-पश्चिम में स्थित है। इसका क्षेत्रफल 25.3 वर्ग मील है।

नॉटिंघम आधुनिक औद्योगिक नगर है जहाँ बहुत से छोटे मोटे उद्योग विकसित हैं। सूती वस्त्र एवं सिगरेट उद्योग का तो यह प्रमुख केंद्र ही है। यहाँ फीता, जूता, हौजरी, दवाएँ, साइकिल, मोटर साइकिल, ऊनी एवं रेशमी कपड़े, बिजली संयत्र तथा शराब का निर्माण होता है। इस नगर में मुद्रण तथा विरंजन कार्य (Bleaching) भी व्यापक रूप में होता है। यहाँ की फीता निर्माण की फैक्टरी पहले बहुत ही प्रसिद्ध थी। संसार की साइकिल बनाने की सबसे बड़ी फैक्टरी यहीं है। यहाँ समीप में ही कोयला पाया जाता है। नगर की सीमा में ही उत्तर-पश्चिम राडफोर्ड, वासफोर्ड, और बुलबेल के औद्योगिक उपनगर हैं। बुलवेल में कोयले और चूना पत्थर की खदानें हैं। उत्तर की ओर विकासोन्मुख शरवुड का आवासीय क्षेत्र है। पूर्व की ओर गेडलिंग है तथा दक्षिण की ओर वेस्ट ब्रिजफोर्ड नामक दूसरा आवासीय उपनगर है। पश्चिम की ओर लेंटन और बीस्टन हैं। बीस्टन, साइकिल एवं मोटर उद्योग के कारण काफी जनसंख्यावाला क्षेत्र हो गया है।

यहाँ आधुनिक परिषद्भवन, एक बड़ा रोमन कैथोलिक गिरजाघर, बड़े पार्क और किला, ग्रामर एवं तकनीकी विद्यालय तथा विश्वविद्यालय हैं। प्राकृतिक इतिहास संग्रहालय, लार्ड बाइरन नामक प्रसिद्ध कवि का आवास न्यूस्टीड एवे (Newstead Abbey) एवं किले में स्थित कला का संग्रहालय दर्शनीय हैं। न्यस्टीड एवे यहाँ से 11 मील उत्तर में है। छठी शताब्दी में आंग्ल सैक्सनी निवासी इस उपनिवेश को स्नाटिंघम कहते थे। इस नगर का प्रामाणिक इतिहास 9वीं शताब्दी से मिलता है। इस काल में यह डेनमार्कवासियों का प्रसिद्ध उपनगर (borough) था। यहाँ नार्मन काल में विलियम पेवेरल द्वारा ट्रेंट नदी के किनारे चट्टान पर निर्मित किला, स्कॉलैंड के डेविड द्वितीय का कारावास था। क्रामवेल ने इसे 1651 ई. में नष्ट कर दिया, लेकिन 1674 ई. में इसका पुनरुद्वार किया गया। 1831 ई. के 'रिफार्म बिल' आंदोलन में इसे जला दिया गया था। आजकल यहाँ कला का संग्रहालय स्थित है। किंवदंति के अनुसार रॉविनहुड यहीं पैदा हुआ था।(राजेंद्रप्रसाद सिंह)

Hindi Title


विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia)




अन्य स्रोतों से




संदर्भ
1 -

2 -

बाहरी कड़ियाँ
1 -
2 -
3 -