न्यू मेक्सिको (New Mexico)

Submitted by Hindi on Fri, 08/19/2011 - 14:24
न्यू मेक्सिको (New Mexico) यह संयुक्त राज्य, अमरीका का दक्षिण-पश्चिमी राज्य है। इसका क्षेत्रफल 1,21,666 वर्ग मील है जिसमें लगभग 155 वर्ग मील जलाच्छादित है। इसे 'सनशाइन स्टेट' भी कहते हैं।

यह राज्य चतुर्दिक्‌ गहरी घाटियोंवाले पठारों से घिरा हुआ है। मध्यवर्ती समतल काँप क्षेत्र उच्च पर्वतों द्वारा घिरा है। इस क्षेत्र की ढाल प्राय: दक्षिण एवं दक्षिण - पश्चिम की ओर है। उच्च भूमि मध्योत्तर भाग में है। राज्य की औसत ऊँचाई 5,700 है। सर्वोच्च शिखर नॉर्थ ट्रूचा (North Truchas) 13,306 तथा निम्नतम स्थान 2,976 ऊँचा है। दूसरी प्रमुख चोटी टौस 13,145 ऊँची है। अनेक श्रेणियाँ उत्तर-दक्षिण दिशा में फैलौ हैं जिनमें टेलर, (Taylor), जूनी (Zuni), गलीनास (Galinas), सैन माटो (San Mateo), मोगलोन (Mogollon), एनिमास (Animas) आदि मुख्य हैं। राज्य की भूम्याकृति पर नदियों का विशेष प्रभाव है। प्रवाहक्षेत्र के आधार पर इसके तीन विभाग किए जा सकते हैं : 1. अर्केंसॉ नदी का प्रवाहक्षेत्र, जो पूर्वोत्तर भाग में है, 2. रियो ग्रांडे नदी का प्रवाहक्षेत्र, जो अपेक्षाकृत विस्तृत तथा मध्य एवं दक्षिणी भाग में फैला हुआ है, तथा 3. महाद्वीपीय जलविभाजक के पश्चिम का क्षेत्र जिसमें दोटी कॉलोराडो (Little Colorado), सैनवॉन (San Juan) एवं हैला (Gila) नदियाँ प्रवाहित होती हैं।

अंतर्वर्ती स्थिति के कारण जलवायु प्राय: विषम है। उत्तरी भाग दक्षिण-पूर्वी चक्रवात से प्रभावित होता है। पश्चिमोत्तर भाग में वर्षा का औसत 7  से 20  तथा पूर्वोत्तर भाग में 25  है। मध्योत्तर भाग में न्यूनतम ताप कभी कभी हिमांक से भी नीचे पहुँच जाता है। सर्वत्र खनिज युक्त मिट्टी उपलब्ध है जो उचित सिंचाई की व्यवस्था होने पर बहुत उपजाऊ सिद्ध हो सकती है। यहाँ मिट्टी के कटाव की समस्या प्रबल है। सिंचाई एवं बिजली उत्पत्ति के लिए अनेक योजनाएँ पूर्ण हो चुकी हैं।

खनिज पदार्थों की दृष्टि से यह राज्य अधिक धनी है। खनिजों का प्रचुर संचित भंडार यहाँ है जिसमें यूरेनियम विशेष महत्वपूर्ण है। इसके अतिरिक्त चाँदी, सीसा, जस्ता, वेरिलियम, मैंगनीज, पोटाश खनिज तेल आदि भी उल्लेखनीय हैं।

यहाँ के निवासियों का मुख्य व्यवसाय कृषि एवं पशुचारण है। कृषिगत उपजों में कपास, चारा, मक्का, सोरघम आदि मुख्य हैं। राष्ट्रीय जंगलक्षेत्र 86,00,000 एकड़ क्षेत्र में फैले हैं। औद्योगिक क्षेत्र में अभी यह राज्य पिछड़ा हुआ है। यहाँ खाद्य पदार्थों पर आधारित उद्योग, लकड़ी उद्योग, छपाई एवं यातायात की वस्तुओं के उत्पादन के उद्योग प्रमुख हैं।

यहाँ की जनसंख्या 9,51,023 (1960) थी जिसमें जनसंख्या का घनत्व 7.8 ज्ञात होता है। कुल का 92 प्रतिशत गौरवर्णीय तथा शेष में नीग्रो, रैड इंडियन तथा एशिया के निवासी हैं। यहाँ के निवासियों की भाषा स्पैनिश एवं अंग्रजी है। ऐलबुकर्क (Albuquerque), सटा फे तथा रॉज़बेल यहाँ के प्रमुख नगर हैं। ऐलबुकर्की में न्यूमेक्सिको विश्वविद्यालय है। उच्च शिक्षण संस्थाएँ न्यूमेक्सिको हाईलैंड्स विश्वविद्यालय लासवेगास में कालेज फार टीचर्स, सिलवर सिटी में ईस्टर्न न्यू मेक्सिकन यूनिवर्सिटी है। इनके अतिरिक्त यहाँ कृषि शिक्षण संस्थान एवं प्राविधिक शिक्षणकेंद्र भी हैं।(कैलाशनाथ सिंह)

Hindi Title


विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia)




अन्य स्रोतों से




संदर्भ
1 -

2 -

बाहरी कड़ियाँ
1 -
2 -
3 -