न्यूयॉर्क

Submitted by Hindi on Fri, 08/19/2011 - 14:26
न्यूयॉर्क यह संयुक्त राज्य, अमरीका का उत्तरपूर्व में स्थित एक राज्य है। इसका क्षेत्रफल 49,576 वर्ग मील, है जिसमें विशाल झीलों (ग्रेट लेक्स) का 3,672 वर्ग मील क्षेत्रफल सम्मिलित है। इसकी जनसंख्या 1,67,82,304 (1960) थी। मध्य ऐटलैंटिक राज्यों के 13 उपनिवेशों में इसका महत्वपूर्ण स्थान है। इसके उतर में कैनाडा के क्विबेक तथा ऑन्टेयरिओ प्रांत हैं। ऑण्टेयरिओ की सीमा इसी नाम की झील तथा संट लॉरेंस नदी के द्वारा बनती है। उत्तर-पश्चिम में नाइएग्रा नदी के द्वारा यह राज्य आँण्टेयरिओ से विभक्त है और इसी क्षेत्र में विश्वविख्यात नाइएग्रा प्रपात है। राज्य की शेष पश्चिमी सीमा आयर झील तथा पेंसिलवेनिया के द्वारा बनती है। पेंसिलवेनिया तथा न्यूजर्ज़ी की सीमाएँ राज्य के दक्षिण तक चली जाती हैं, इसमें केवल न्यूयॉर्क नगर का क्षेत्र बच जाता है। पूर्वी सीमा कनेक्टिकट (Connecticut), मासाचूसेट्स (Massachusetts) तथा वरमोंट (Vermont) को स्पर्श करती है। न्यूयॉर्क राज्य के पूर्व में विशाल घाटी (ग्रेटवै ली) है, जिसमें हड्सन तथा उसकी सहायक मोहॉक नदियाँ बहती हैं। सैंचलेन झील, जॉर्ज झील तथा हड्सन नदी प्राकृतिक सौंदर्य तथा स्वाथ्यकेंद्रों के लिए प्रसिद्ध हैं। पश्चिम में ऐडिरोंडैक (Adirondack) पर्वत है, जो जंगलों से ढका है तथा जिनमें प्लैसिड तथा सैरानेक (Saranac) झीलों जैसी क्रीड़ास्थलियाँ हैं। राज्य की दक्षिणी सीमा पर ऐलेगेनी (Allegheny) पठार है, जो दक्षिण-पूर्व में ऊँचा होकर कैटस्किल (Catskill) पर्वत में बदल जाता है।

राज्य में प्राकृतिक सौंदर्य के अनेक स्थल हैं। दक्षिण-पश्चिम में ऐडिरोडैक पर्वतों के रमणीक दृश्य हैं, जिनमें न्यूयॉर्क की सर्वोच्च चोटियाँ, हवाइटफेस पर्वत (4,872 फुट) तथा माउंट मर्सी (5,344 फुट) हैं। इस पर्वतश्रेणी के दक्षिण में मैदान है, जिसमें मोहॉक नदी बहती है, इसी भाग में आयर नहर बनाई गई है, जिसका पश्चिम के झीलों के मैदानों के पूर्व में हड्सन नदी की घाटी से संबंध है। झीलों के मैदान में आयर झील के समीप एक सकरी पट्टी तथा ऑण्टेयरिओ झील के दक्षिण में 25 से 35 मील चौड़ी पट्टा है। लॉङ्‌ग (Long) द्वीप तथा स्टैटेन (Staten) द्वीप ऐटलैंटिक के समुद्रतटीय मैदान के रूप में हैं। भूगर्भशास्त्र से यह प्रमाणित होता है कि संपूर्ण न्यूयॉर्क राज्य महाद्वीपीय हिमानीकरण से प्रभावित हुआ है जिसके अवशिष्ट जार्ज झील, सैरानेक झील तथा अनुपम फिंगर झील हैं।

जलवायु- इस राज्य का जलवायु आर्द महाद्वीपीय है। वार्षिक वर्षा ऐडिरोडैक में 50  से अधिक, हड्सन में भी 50  से अधिक तथा पश्चिम के कुछ भागों में 30  होती है। राज्य की औसत वर्षा 39  है। यहाँ का औसत वार्षिक ताप 8 सें. रहता है। समुद्रतटीय तथा झीलों के समीपवर्ती क्षेत्रों में उपज का समय 160-180 दिन होता है जबक अंतर्देशीय उच्च भागों में 130 दिनों का।

वनस्पति- प्राकृतिक वनस्पतियों में ऐडिरोंडैक क्षेत्र में मैपिल (Maple), हेमलॉक (Hemlock), बर्च (Birch), सफेदा, देवदार, सनोवर (Spruce), श्वेत देवदार (White pine) तथा सीडार प्रमुख वृक्ष हैं। झील के मैदानों तथा दक्षिण-पूर्व में बलूत (ओक), शाह बलूत (Chestnut), पीत पोपलर (Yellow poplar) तथा पूर्व में लॉन्ग द्वीप में झाड़ी (Scrub), बलूत (Oak) तथा नाटे देवदार (Pine) के वृक्ष मिलते हैं। 1,10,00,000 एकड़ भूमि में व्यापारिक जंगल हैं। यह राज्य संयुक्त राज्य की पशुपालन की पेटी में स्थित है, यहाँ की अधिकांश भूमि चरागाहों तथा खेतों में लगी है।

कृषि- यह राज्य कृषिप्रधान है। ऐलेगेनी पठार तथा निचले मैदानों में मुख्यत: पशुपालन और दुग्ध उद्योग महत्वपूर्ण है। दूध उत्पादन में देश भर में इस राज्य का द्वितीय स्थान है। कृषि में जई (Oat), मक्का (Corn), गेहूँ (Wheat), राई (Rye), हे (चारा) तथा कुट्टक (Buckwheat) की खेती होती है। सेब और अंगूर के उत्पादन में भी इसका दूसरा स्थान है। आडू या सतालू (Peaches), नाशपाती (Pears), चेरी (Cherries), आलूचा तथा बेर (Berries) भी यहाँ उत्पन्न होते हैं। फलों का उत्पादन मुख्यत: झीलों के किनारे, फिंगर लेक क्षेत्र तथा हड़सन की घाटी में होता है। पातगोभी, प्याज, अजमोद (Celery), फूलगोभी, सेम, टमाटर, ब्रोकोली (Broccoli, एक प्रकार की फूलगोभी) तथा अन्य तरकारियों की भी खेती खूब होती है। लॉङ्‌ग द्वीप में आलू, मुर्गीपालन और बतखों के अंडों का व्यवसाय अधिक होता है।

खनिज- यहाँ मैगनेटाइट नामक लोहे का खनिज मिलता है। अनुकूल साधनों के कारण सीमेंट, कोक तथा लौहमिश्रित धातुओं (Ferro alloys) के उद्योग होते हैं। इस राज्य में उत्तम लौह, रक्त मणि, शैल लवण (Rock salt), टाल्क, जिप्सम, जस्ता, पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस, चूने का पत्थर, बालू का पत्थर, स्लेट, ग्रैफाइट आदि खनिज प्राप्त होते हैं।

उद्योग- राज्य का 2/3 आद्योगिक उत्पादन न्यूयॉर्क नगर में होता है। उद्योग में क्रम से वस्त्रोत्पादन, मुद्रण तथा प्रकाशन, खाद्यपदार्थ-उद्योग, फल तथा तरकारी संरक्षण, बिस्कुट (backery), मिठाइयाँ बनाना (confectionery), मशीन उद्योग, धातु उद्योग, कंबलगलीचा-उद्योग, यातायात-सामग्री-उद्योग, फर्नीचर, पेट्रोल, वैज्ञानिक उपकरण, विद्युत्‌ संयंत्र उद्योग, तंबाकू उद्योग, रासायनिक उद्योग, कागज उद्योग एवं चमड़ा उद्योग आदि आते हैं। मछली मारना भी प्रमुख उद्योग है। न्यूयॉर्क नगर में संयुक्त राज्य, अमरीका का 25% अंतर्देशीय व्यापार तथा 50% विदेशी व्यापार होता है। यह संयुक्त राज्य अमरीका का सबसे बड़ा नगर तथा वित्तीय राजधानी है।

यातायात- पूरे राज्य में रेलमार्गों तथा सड़कों का जाल बिछा है। झीलों, नदियों तथा न्यूयॉर्क स्टेट बार्ज नहर के कारण जलयातायात की भी सुगमता है। समुद्री जहाज ऑलबानी तक पहुँच जाते हैं। रेलों, सड़कों, वायुमार्गों एवं समुद्री मार्गों का भी जाल सा फैला है।

यद्यपि राज्य में अनेक नगर हैं, फिर भी ग्रामीण जनसंख्या अधिक है। यहाँ प्राकृतिक सौंदर्य तथा स्वास्थ्यवर्धन के अनेक केंद्र हैं जॉर्ज झील, प्लैसिड झील, सैरावेक झील, कैटस्किल, बेयर पर्वत (हड्सन क्षेत्र), फिंगर झील, लॉङ्‌ग् द्वीप, नाइएग्रा प्रपात, सेराटोगा (Saratoga) चश्मा तथा अनेक राष्ट्रीय उद्यान प्रमुख हैं। शिक्षा संस्थाओं में कोलंबिया विश्वविद्यालय, न्यूयॉर्क विश्वविद्यालय, न्यूयॉर्क का सिटी कालेज, कार्नेल विश्वविद्यालय, सैराक्यूज विश्वविद्यालय, बफालो विश्वविद्यालय, ट्राइ में रैन पॉलिटेकनिक संस्थान, वेस्ट प्वाइंट में सैनिक शिक्षा की अकादमी, किंग्स प्वाइंट में मर्चेंट मैरिन अकादमी तथा कालगेट विश्वविद्यालय प्रसिद्ध हैं। यहाँ 13 से अधिक विश्वविद्यालय हैं तथा बड़ी संख्या में कालेज हैं। 1609 ई. में सैंपलेन झील तथा हेनरी हड्सन ने हड्सन की खोज की, तभी से आधुनिक न्यूयॉर्क राज्य की स्थापना हुई।

2. नगर, स्थिति : 400 44 उ. अ. तथा 730 56 प. दे.। संयुक्त राज्य, अमरीका का यह सबसे बड़ा नगर है, जो न्यूयॉर्क खाड़ी में हड्सन नदी के मुहाने पर वाशिंगटन नगर से 205 मील उत्तर-पूर्व में स्थित है। समुद्र से 400 फुट ऊँचे नगर का क्षेत्रफल 321 वर्ग मील तथा जनसंख्या 77,81,984 (1960) थी। यह राज्य का वित्तीय तथा व्यापारिक केंद्र है। इस नगर में पाँच उपक्षेत्र (Boroughs) हैं  मानहैटन (Manhattan), जो नगर का केंद्र है, ब्रोंक्स (Bronx), क्वींस, रिचमंड तथा ब्रुकलिन। समीपवर्ती विशाल क्षेत्र से लाखों श्रमिक नगर में कार्य के लिए प्रति दिन आते जाते हैं। नगर में विशाल संग्रहालय, कलाभवन, संगीत संस्थान, विशाल विश्वविद्यालय तथा अनेक महाविद्यालय हैं। न्यूयॉर्क नगर विशाल बंदरगाह, भव्य बाजारों, गगनचुंबी भवनों, उद्यानों, वनस्पति उपवनों (Botanical Gardens), कलागृहों, थियेटरों, क्लबां, विश्रामस्थलों, ऐतिहासिक स्थलों तथा अपनी बृहत्‌ जनसंख्या, के कारण विश्व में अद्वितीय है। विशाल झीलों (ग्रेट लेक्स) तथा सेंट लॉरेंस नदी से नहरों द्वारा संबंधित होने तथा प्राकृतिक स्थिति के कारण यह राष्ट्र का सबसे महत्वपूर्ण बंदरगाह है। समस्त राष्ट्र का 40 प्रतिशत विदेशी व्यापार इसी बंदरगाह से होता है। राष्ट्र के औद्योगिक उत्पादन में 10 प्रतिशत योग इस नगर का है। संपूर्ण विश्व के वित्तीय तथा व्यापारिक केंद्र के रूप में यह प्रसिद्ध हैं। इस नगर के मुख्य उद्योग में वस्त्र उद्योग (राष्ट्रीय उत्पादन का 25%), समूर (फर) उद्योग (संपूर्ण राष्ट्र का 90%), हैट, चमड़े के सामान बनाना, जवाहरात उद्योग, मुद्रण तथा प्रकाशन उद्योग, खाद्य-पदार्थ-उद्योग (मांस, पावरोटी, चीनी, कॉफी मसाला, शराब), धातु उद्योग, ओषधि निर्माण, मशीनरी उद्योग, लकड़ी उद्योग, वैज्ञानिक उपकरणों का निर्माण, कार-निर्माण-उद्योग, जलयान उद्योग आदि हैं। यातायात में यहाँ विशेष उन्नति हुई है। यहाँ की सड़कों की कुल लंबाई 5,940 मील के लगभग है। यह रेलों का भी प्रमुख केंद्र है। यह देश के अन्य भागों से 12 रेल प्रणालियों द्वारा संबंधित है, जिनमें से चार नगर के केंद्र तक पहुँचती हैं। यहाँ चार बड़े बड़े हवाई अड्डे ला गौर्डिया (La Guardia), न्यूयॉर्क इंटरनैशनल तथा न्यूयॉर्क और टीटरबोरो (Teterboro) हैं। सड़कों के द्वारा यह पूरे देश से जुड़ा हैं। न्यूयॉर्क के प्रसिद्ध पुलों में जॉर्ज वाशिंगटन, हेनरी हड्सन ब्रुकलिन, ब्रोंक्स-ह्वाइटस्टोन, ट्रिबोंरोट, क्वींज़बरा, हेलगैट, विलियम्सबर्ग तथा मानहैटन सेतुओं के नाम उल्लेखनीय हैं। इनके अतिरिक्त अनेक प्रसिद्ध सुरंगें (tunnels) हैं, जैसे लिंकन तथा हॉलैंड सुरंग, क्वींज़ मिड सुरंग तथा बकलिन बैटरी सुरंग। राज्य के महत्वपूर्ण शिक्षासंस्थान यहीं पर हैं। यहाँ पर चिकित्सा तथा अनुसंधान केंद्र भी हैं। 123 से अधिक अस्पताल तथा अनेक मेडिकल कालेज हैं। न्यूयॉर्क नगर में चार महाविद्यालय हैं, जो राज्य-शिक्षा-प्रणाली के अंतर्गत आते हैं। अनेक कालेज, विश्वविद्यालय तथा विशिष्ट विद्यालय जनता द्वारा संचालित होते हैं। न्यूयॉर्क पब्लिक पुस्तकालय सैकड़ों बड़े पुस्तकालयों में से एक है। इस पुस्तकालय की 65 शाखाएँ हैं। यहाँ के संग्रहालय में कला के मैट्रोपोलिटन संग्रहालय, प्राकृतिक इतिहास का अमरीका संग्रहालय, कला तथा विज्ञान का ब्रुकलिन संस्थान। 1719 ई. में निर्मित फ्राैंसेज टैवर्न (Fraunces Tavern) नामक स्थान में वाशिगटन ने क्रांति के बाद अधिकारियों से विदाई ली थी। 1760 ई. में बना विशाल भवन ग्रेसी मैंसन (Gracie Mansion) भी यहीं है, जिसमें नगर के मेयर रहते हैं। 1948 ई. में ओवेनडी यंग की अध्यक्षता में बनी राज्यसमिति की संस्तुति पर राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना की गई, जिसकी इकाइयाँ पूरे राज्य भर में हैं। इसमें 15 ट्रस्टियों का एक मंडल है, जो विश्वविद्यालय का प्रशासन करता है। 1784 ई. में यूनिवर्सिटी ऑव दि स्टेट ऑव न्यूयॉर्क की स्थापना की गई थी, जिसका राज्यव्यापी महत्व है।

न्यूयॉर्क विश्व का सर्वोत्तम नगर है। यह विश्व की मुद्रा राजधानी भी है। वाशिंगटन ने इस नगर को गाटम (Gotham) नाम दिया था, जिसका अर्थ था कि यहाँ के निवासी मूर्ख हैं, क्योंकि वाशिंगटन के समय में इस नगर में अनेकानेक सर्वज्ञ रहा करते थे। उन्हीं पर व्यंग करने के लिए यह नाम रखा गया था, लेकिन आज न्यूयॉर्क में विश्व के प्रसिद्ध विद्वान रहते हैं।

न्यूयॉर्क नगर में विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय समाचारपत्र तथा पत्रिकाएँ प्रकाशित होती हैं। यहाँ सबसे बड़ा टेलीविजन एवं रेडियो स्टेशन है। प्रकाशन का काम भी यहाँ बड़ी मात्रा में होता है। सैकड़ों पत्रपत्रिकाएँ विदेशी भाषाओं में प्रकाशित होती हैं। अनेक व्यापारिक तथा वित्तीय पत्रिकाओं के मुख्य कार्यालय न्यूयॉर्क में हैं, यद्यपि इनका प्रकाशन अन्य नगरों में होता है।

ब्रौंक्स चिड़ियाखाने में संसार के सभी देशों के जानवर प्राकृतिक आवास में रहते हैं तथा प्रजनन करते हैं। यहाँ जंतुओं, पक्षियों, सर्पों तथा अन्य जीवधारियों की सहस्रों देखी जा सकती हैं।

मेयर यहाँ की कार्यकारिणी के प्रमुख हैं। न्यूयॉर्क नगर को गैस तथा बिजली देने की सेवाओं की व्यवस्था व्यक्तिगत संस्थानों द्वारा की जाती है। नगर में जलवितरण का कार्य नगरप्रशासन द्वारा होता है। कैटस्किल पर्वत पर स्कोहरी (Schoharie) तथा अशोकन (Ashokan) दो विशाल जलाशय हैं, जो नगर के लिए आवश्यक जल के 50 प्रतिशत की पूर्ति करते हैं। नगर की जलप्रणाली में केंसिको बाँध (Kensico), कैटस्किल ऐक्वैडक्ट, डेलावेयर (Delaware) ऐक्वैडक्ट, जेरोम उद्यान जलाशय तथ सेंट्रल पार्क जलाशय सम्मिलित हैं। न्यूयॉर्क में बेड लोज़ द्वीप, एलिस (Ellis) द्वीप, गवर्नर्स द्वीप, मैनहैटन द्वीप स्टैटन (Staten) द्वीप तथा वेलफेयर (Welfare) द्वीप सम्मिलित हैं। यहाँ पर कुद दर्शनीय वस्तुओं में पैंसिलवेनिया का स्टेशन, दुनियाँ की सबसे ऊँची इमारत (1 250 फुट ऊँची) एंपायर स्टेट बिल्डिंग, मेट्रोपोलिटन ओपेरा हाउस, क्राइसलर भवन (न्यूयॉर्क का द्वितीय सबसे ऊँचा भवन) सेंट पेट्रिक्स केथेड्रल (St. Patricks Cathedral), रॉकफेलर सेंटर (दुनिया का सबसे बड़ा नाटकगृह या थियेटर) आदि प्रसिद्ध हैं। न्यूयॉर्क के पार्कों, पार्कों के रास्तों तथा क्रीड़ास्थलों में लगभग 2,70,42 एकड़ भूमि न्यस्त है।(कृष्णमोहन गुप्त)

Hindi Title


विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia)




अन्य स्रोतों से




संदर्भ
1 -

2 -

बाहरी कड़ियाँ
1 -
2 -
3 -