ओकलैंड

Submitted by Hindi on Sat, 08/06/2011 - 10:29
ओकलैंड संयुक्त राज्य अमरीका के कैलिफ़ोर्निया राज्य में सैन फ्ऱांसिस्को खाड़ी पर स्थित एक नगर है। 8 मील लंबा, एक पुल इसे सैन फ्ऱांसिस्को नगर से जोड़े हुए है। आकार के क्रम में यह कैलिफ़ोर्निया राज्य का तीसरा नगर है और जलयानों, वायुयानों तथा रेलमार्गो का केंद्र है। 1960 ई. में यहाँ की जनसंख्या 3,67,548 थी। खाड़ी के निकट चंद्राकार समतल भूमि पर नगर का व्यापारिक विभाग है जो तीन मील चौड़ा है। पीछे 1,500 फुट तक की ऊँचाईवाली पहाड़ियाँ हैं जिनपर आवासगृह बने हुए हैं। नगर का स्थलीय क्षेत्रफल 60.25 वर्ग मील है और इसके बीचो-बीच खारे पानी की मेंरिट झील स्थित है जो 160 एकड़ भूमि घेरे हुए है। अमरीका के अन्य किसी भी नगर में ऐसी झील नहीं पाई जाती। द्वितीय विश्वयुद्ध के पश्चात्‌ इस नगर ने बहुत उन्नति की। मेंरिट झील के दक्षिणी सिरे पर एक सामाजिक केंद्र का निर्माण हुआ है। नगर के मुख्य हॉल से चार मील दूर बर्कले में कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय स्थित है। पहाड़ियों के नीचे 60 एकड़ भूमि पर महिलाओं का मिल्स कालेज है। ओकलैंड के बंदरगाह में 19 मील तक जलसीमा है और वहाँ जलयानों के ठहरने, मरम्मत करने, माल लादने और उतारने का प्रबंध है। इसके पीछे ही औद्योगिक क्षेत्र है जो उत्तर में रिचमांड से लेकर दक्षिण में हेवर्ड तक फैला हुआ है। मुख्य उद्योग मोटर, रासायनिक द्रव्य, डब्बों में बंद खाद्य सामग्री, विद्युत्‌ मशीनें, मिठाइयाँ, फ़र्नीचर इत्यादि बनाने के हैं।

यह नगर 1850 ई. में पट्टे की भूमि पर स्थापित किया गया तथा 1854 ई. में नगर घोषित कर दिया गया। आरंभिक बस्ती 'ओक' वृक्षों के बीच बसाई जाने के कारण इसका नाम 'ओकलैंड' पड़ा।

Hindi Title


विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia)




अन्य स्रोतों से




संदर्भ
1 -

2 -

बाहरी कड़ियाँ
1 -
2 -
3 -