ओटावा

Submitted by Hindi on Sat, 08/06/2011 - 11:00
ओटावा इस नाम के चार नगर और एक नदी हैं। नगर कैनाडा में ओण्टेरियो प्रांत के कार्लटन प्रदेश में ओटावा नदी के दाहिने किनारे पर शोडयेर जलप्रपात के पास स्थित है और कैनाडा की राजधानी है। यह नगर माँट्रील से 101 मील पश्चिम और टोरेंटो से 217 मील उत्तर-पूर्व की ओर है। यह चपटी पहाड़ियों पर बसा है, जो नदी से 60 से लेकर 155 फुट तक ऊँची हैं। यहाँ कई बड़ी-बड़ी सरकारी इमारतें, संसदभवन, गिरजे तथा विश्वविद्यालय हैं। सन्‌ 1858 में यह छोटा नगर, जो पहले बाइटाउन कहलाता था, कैनाडा की राजधानी चुना गया, और इसका नाम बदलकर ओटावा पड़ा। तब से यहाँ की आबादी बढ़ती गई और 1970 ई. के अंत में 5,36,000 हो गई। यह कैनाडा का पाँचवाँ बड़ा नगर है। यहाँ के एक तिहाई निवासी फ्ऱेंच भाषी, बाकी अंग्रेजी भाषी हैं।

यह नगर रेलों का बड़ा केंद्र है। मुख्य बड़े रेलमार्ग, कैनेडियन पैसिफ़िक रेलवे, कैनेडियन नैशनल रेलवे तथा न्यूयार्क सेंट्रल रेलवे, यहीं से होकर गुजरते हैं। विद्युच्चालित रेलें इस नगर को, क्विबेक, मॉण्ट्रील, टोंरेंटो, विनिपेग इत्यादि नगरों से जोड़ती हैं। ग्रीष्म ऋतु में यहाँ से स्टीमर ओटावा नदी द्वारा मॉण्ट्रील को जाते हैं। इस जलमार्ग को तीन नहरों द्वारा नदी के छोटे जलप्रपातों को दूर कर, 1834 ई. में पूरा किया गया। उसी प्रकार इसे सेंट लारेंस नदी पर स्थित किंग्स्टन नगर से रिडो नहर तथा झीलों द्वारा 1824 ई. में मिलाया गया।

ओटावा के पास के क्षेत्रों से कई जलप्रपातों द्वारा अधिक मात्रा में जलविद्युत्‌ पैदा की जाती है जो नगर में प्रकाश तथा शक्ति देने और रेलों तथा कारखानों के काम आती है। मुख्य जलविद्युत्‌ उत्पादक केंद्र शोडयेर, रिडो तथा गैटनो के जलप्रपातों पर अवस्थित हैं।

यह नगर लकड़ी के लट्ठों, लकड़ी चीरने, तथा लुगदी और कागज बनाने का बहुत बड़ा केंद्र है। कैनाडा की कई बड़ी कागज की मिलें यहाँ हैं। लकड़ी से संबंधित और भी कारखाने हैं, जैसे दियासलाई आदि के। शहर का औद्योगिक जीवन लकड़ी से संबंधित कारखानों पर निर्भर है। आटा पीसने, लोहा गलाने, रासायनिक द्रव्य तैयार करने तथा अन्य उत्पादनों के कारखाने भी यहाँ हैं।

2. ओटावा नाम का दूसरा नगर संयुक्त राज्य, अमरीका, के इलिनॉय राज्य के ला सैल प्रदेश अधिकारी के रहने का स्थान है। यह इलिनॉय और फ़ोक्स नदियों के संगम पर, इलिनॉय नदी के दाहिने किनारे पर बसा है। यह शिकागो से 84 मील दक्षिण-पश्चिम में है। सन्‌ 1960 ई. में यहाँ की जनसंख्या 19,408 थी।

यहाँ से होकर कई रेलमार्ग शिकागो, बर्लिगटन तथा क्विंसी को जाते हैं। यह नगर इलिनॉय और मिशिगन नहर जलमार्ग द्वारा शिकागो नगर तथा मिशिगन झील से मिला है। शहर के पास ही कोयले की बड़ी खान है। शीशे तैयार करने की बालू और क्ले मिट्टी भी मिलती है। यहाँ कई उद्योग स्थापित हैं, जिनमें शीशा, सिगार, रेल के डब्बे, कृषि की मशीनें और पियानो बनाना मुख्य हैं।

3. ओटावा नामक तीसरा नगर संयुक्त राज्य अमरीका, के कैंज़ास राज्य में फ्ऱैंकलिन प्रदेश के मुख्य अधिकारी के रहने का स्थान है। यह कैंज़ास नगर से 58 मील दक्षिण-पश्चिम की ओर बसा है। 1960 ई. में यहाँ की जनसंख्या 10,673 थी। यहाँ से होकर मिजुरि पैसिफ़िक रेलवे, सैंटा फ़े रेलमार्ग जाते हैं। यहाँ जानवरों और अनाज का व्यापार होता है तथा यहाँ एक विश्वविद्यालय भी है। कोयला तथा प्रकृतिक गैस पास में मिलती है। यहाँ का मुख्य उद्योग आटा पीसना तथा तार, ईटें, फर्नीचर और लोहे का सामान बनाना है।

4. ओटावा नाम का चौथा नगर संयुक्त राज्य, अमरीका के ओहायो स्टेट के उत्तर-पश्चिम की ओर पुटनैम प्रदेश का मुख्य नगर है। यह ब्लैचर्ड नदी के दाहिने किनारे पर टोलेडो से 50 मील दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। यह नगर बाल्टिमोर, डिट्रॉएट, टोलेडो एवं आयरनटन से रेलमार्ग द्वारा जुड़ा है।

5. ओटावा सेंट लारेंस नदी की सबसे बड़ी सहायक नदी है। इसकी लंबाई 685 मील है। यह कैनाडा की नवीं बड़ी नदी है। यह नदी विक्टोरिया झील से निकलकर पहले पश्चिम की ओर, फिर दक्षिण-पूर्व तथा पूर्व की ओर बहती है और मॉण्ट्रील के पास सेंट लारेंस नदी में मिल जाती है। इसकी मुख्य सहायक नदियाँ गैटनो, ल्य्व्रो रोग, माडावास्का एवं रिज्यू हैं। ओटावा नगर से मॉण्ट्रील तक पाँच फुट गहरे जल में चलनेवाले स्टीमर ग्रीष्म ऋतु में इस नदी पर चलते हैं। इस नदी में कई जलप्रपात हैं, जहाँ जलविद्युत्‌ उत्पन्न की जाती है और लुगदी तथा कागज बनाने के कारखानों में काम आती है। लट्ठे नदी द्वारा बहाकर जलविद्युत्‌ उत्पादक केंद्रों तक लाए जाते हैं। लकड़ी से संबंधित कारखाने नदी के किनारे-किनारे कई स्थानों पर हैं।

Hindi Title


विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia)




अन्य स्रोतों से




संदर्भ
1 -

2 -

बाहरी कड़ियाँ
1 -
2 -
3 -