पो नदी

Submitted by Hindi on Sat, 08/20/2011 - 11:35
पो नदी यह इटली की सबसे प्रमुख नदी है। इस नदी द्वारा 16,450 वर्ग मीलवाला उत्तर का मैदान बना है। इस मैदान की अन्य नदियाँ पो की सहायक ही हैं। पो नदी की कुल लंबाई 354 मील है। इसके बेसिन का वास्तविक क्षेत्रफल 28,923 वर्ग मील है। नदी का बहाव पश्चिम से पूर्व की ओर है। उत्तर से आनेवाली इसकी सहायक नदियों में डॉरा, बाल्टेया सेसिया, तिसीनो, आडा, ओगलियो, मिसिओ तथा दक्षिण से आनेवाली नदियों में तनारो, स्क्रीविया, त्रेविया, तारो, सेचिया एवं पनारो प्रमुख हैं। प्राचीन काल से धारणा है कि पो नदी पियानो डैल री (Piano-del-Re) की दलदली घाटी से 6,400 फुट की ऊँचाई से निकलती है। यह नदी 21 मील बहने के बाद 5,250 फुट ऊँचे प्रपात से नीचे गिरती है। प्रपात के बाद रैविलो के पुल को पार करते ही यह मैदान मे आ जाती है। इस नदी को ऐल्प्स की बर्फ तथा ऐपिनाइंज की वर्षा का जल मिलता है। त्यूरिन के स्थान पर इसमें डॉरा रिपैरिया पश्चिम से आकर मिलती है। मैगिऔर झील के निकास पर पो का निम्न मार्ग प्रारंभ होता है। यहाँ इस नदी की औसत गहराई 6½ फुट से 15½ फुट तक रहती है। इसकी ढाल 3,000 फुट की दूरी पर एक फुट है। यह नदी एड्रिऐटिक सागर में गिरती है।

पो नदी पर अनेक बाँध भी बनाए गए हैं। फेरारा को पार करने के बाद यह नदी पो डि वोलानी एवं पो डि प्रिमारो नामक दो धाराओं में बँट जाती है। इसके मुहाने को पो डिला माइस्ट्रा कहते हैं। बिल्कुल मुहाने पर जाकर यह कई छोटी छोटी धाराओं में बँट गई है। इसका मुहाना मिट्टी भरने से आगे को बढ़ता जा रहा है। हजारों वर्ष पहले पो नदी की घाटी समुद्र का ही भाग थी। हिमनदों की तलछटों से यह सागर भरता गया एवं घाटी का निर्माण हुआ। पो नदी का लिगूरिया मे बोडिनस्क कहते हैं। इसे पेडस (Padus) भी कहते हैं। (बेचन दुबे)

Hindi Title


विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia)




अन्य स्रोतों से




संदर्भ
1 -

2 -

बाहरी कड़ियाँ
1 -
2 -
3 -