पोर्टलैंड

Submitted by Hindi on Sat, 08/20/2011 - 11:52
पोर्टलैंड संयुक्त राज्य, अमरीका के ऑरेगॉन राज्य का बंदरगाह एवं सबसे बढ़ा नगर है जो विलैमेट नदी के दोनों किनारे पर विलैमेट तथा कोलंबिया नदी के संगम से 14 मील दूर सैनफ्रैंसिस्को से 700 मील उत्तर तथा प्रशांत महासागर तट से जलमार्ग द्वारा 110 मील की दूरी पर स्थित है। इसका क्षेत्रफल 69.77 वर्ग मील है।

यहाँ की जलवायु सम एवं मृदु है। जाड़े एवं गरमी का औसत ताप क्रमश: 50 सें. तथा 18.5 सें. है। वार्षिक वर्षा का औसत 40 इंच है। पोर्टलैंड से सेंट हुड, माउंट जेफसेन, माउंट वाशिंगटन, थ्री सिस्टर्स और कैस्केड पर्वतमालाओं की हिमाच्छादित ऊँची चोटियाँ दिखलाई पड़ती हैं। यह विस्तृत कोलंबिया घाटी का व्यापारिक, औद्योगिक एवं वित्तीय नगर तथा यातायात का केंद्र है। इस बंदरगाह के विस्तृत पोताश्रय में 100 जलयानों के ठहरने का स्थान है तथा यह पर्याप्त आधुनिक सुविधाओं से परिपूर्ण है। यहाँ से 50 से भी अधिक जलयान संसार के विभिन्न बंदरगाहों को जाते हैं। ऑरेगॉन राज्य का 45% वस्तु निर्माण इस नगर में ही होता है, यहाँ से गेहूँ एवं लकड़ी के समान के निर्यात में तो यह प्रशांत महासागर का प्रमुख बंदरगाह है। गरी, कहवा, चीनी, केला आदि आयात की मुख्य वस्तुएँ हैं पोर्टलैंड विश्वविद्यालय के अतिरिक्त यहाँ ऑरेगॉन विश्वविद्यालय के चिकित्साविज्ञान महाविद्यालय तथा प्रसार विभाग की शाखाएँ हैं। कानून, दंत चिकित्सा, भैषज की, दृष्टिमिति एवं अन्य कई महाविद्यालय इस नगर में हैं। कला संग्राहलय एवं वृक्षाद्यान (पार्क) दर्शनीय है। यहाँ के सभामंडप में 6,600 व्यक्ति बैठ सकते हैं। इस नगर की जनसंख्या 3,70,906 (1962) थी।

2. नगर, स्थिति :  उ. अ. तथा  प. दे.। इसी नाम का एक नगर एवं बंदरगाह संयुक्त राज्य, अमरीका के मेन राज्य में भी है जो कैस्को की खाड़ी पर बोस्टन से 109 मील उत्तर-पूर्व ऐटलैंटिक सागर से पाँच मील दूर, बोस्टन-मेन संघीय राजमार्ग पर स्थित है। यह नगर रेल, वायु एवं जलमार्गो का केंद्र है। यूरोप के समीप में गहरे पानी का बंदरगाह होने के कारण द्वितीय विश्वयुद्ध में यह ऐटलैंटिक सागरीय बेड़े का सामुद्रिक अड्डा था। जलयान निर्माण, ढलाई, भोजन संबंधी कार्य तथा मुद्रण और प्रकाशन यहाँ के प्रमुख उद्योग हैं। कागज, लुगदी और साज सज्जा के समान, औद्योगिक यंत्र, प्रशीतन यंत्र, वस्त्र निर्माण यंत्र, स्टोव (stove) तथा जहाजी सामान अन्य महत्वपूर्ण उत्पादन हैं। इस बंदरगाह पर अनाज, लकड़ी की लुगदी, कोयला एवं तेल आदि सामान पर्याप्त मात्रा में उतारे चढाए जातें हैं। दक्षिणी पोर्टलैंड तो पोर्टलैंड मांट्रियल तेल लाइन के प्रसिद्ध भंडार है।

अंधे, बहरों का विद्यालय, सभामंडप, कला संग्रहालय एवं नेचुरल हिस्ट्री और हिस्टॉरिकल सोसायटी के संग्राहलय एवं पोर्टलैंड वेधशाला आर्कषण की मुख्य वस्तुएँ हैं। यहाँ के मजबूत एवं सुंदर सरकारी भवन, गिरजाधर एवं विशाल सार्वजनिक पुस्तकालय उल्लेखनीय हैं। यह नगर हेनरी वाड्सवर्थ लांगफेलो का जन्मस्थान है जिसे संग्रहालय के रूप में परिवर्तित कर दिया गया है। मेन राज्य के इस सबसे बड़े नगर की जनसंख्या 72,566 (1960) थी।

इसी नाम के नगर संयुक्त राज्य के इंडियऐना और मिचिगैन राज्यों में, तथा कैनाडा, न्यूसाउथवेल्स एवं अन्य स्थानों पर भी हैं। (राजेंद्रप्रसाद सिंह)

Hindi Title


विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia)




अन्य स्रोतों से




संदर्भ
1 -

2 -

बाहरी कड़ियाँ
1 -
2 -
3 -