पुर्तगाल

Submitted by Hindi on Mon, 08/22/2011 - 10:09
पुर्तगाल स्थिति : 42 9 से 36 58 उ. अ. तथा 6 11 से 9 30 प. दे.। यह दक्षिण-पश्चिमी यूरोप का एक देश है। इसके उत्तर एवं पूर्व में स्पेन तथा दक्षिण एवं पश्चिम में ऐटलैंटिक महासागर स्थित है। प्रशासकीय दृष्टिकोण से इसमें लिज़बन से 700 मील पश्चिम में स्थित अज़ोर्ज़ द्वीप तथा माडियरा द्वीप भी संमिलित है। इस देश की आकृति लगभग आयताकार है। उत्तर में इसकी चौड़ाई 140 मील तथा दक्षिण में 70 मील है। मुख्य पुर्तगाल का क्षेत्रफल 35,598 वर्ग मील, अज़ोर्ज़ का 888 वर्ग मील, माडियरा तथा पोर्ट सैंटो का 308 वर्ग मील है। इसके अतिरिक्त कुछ अन्य छोटे-छोटे द्वीप भी सम्मिलित हैं।

धरातल 


समुद्री तट लगभग 500 मील लंबा है तथा प्राय: सर्वत्र कटा फटा है। टेगस नदी के उत्तर एवं दक्षिण में केप रॉक तथा केप इशपिसेयल चट्टानी भाग हैं। अल्वर्ग के तट से कुछ दूरी पर बालू के द्वीप भी पाए जाते हैं। इसका लगभग 71.4 प्रति शत भाग 1,300 फुट से नीचा तथा लगभग 12 प्रति शत भाग 2,300 फुट से ऊँचा है। यहाँ की पिनेंडा (4, 728 फुट), गेरिज़ (4, 817 फुट), मैराओ (4,642 फुट), मॉण्टेमुरो (4,534 फुट) एवं एकर (4, 623 फुट) प्रमुख चोटियाँ हैं।

नदियाँ 


पुर्तगाल में चार प्रमुख नदियाँ हैं जिनका स्रोत स्पेन में है। यहाँ की नदियों में डोरू, ग्वाथ्याना, टेगस, मीन्यू, ज़ेयज़ेरे, मोडेगू एवं कवाडो प्रमुख हैं जो नाव्य नहीं हैं। यहाँ गरम जल के सोते अधिक हैं जिनके जल का प्रयोग दवाओं में किया जाता है।

जलवायु 


यहाँ की जलवायु में बड़ी विभिन्नता है। उत्तरी भाग की जलवायु पर समुद्र का प्रभाव अधिक है। यहाँ गरमी में कम गरमी और जाड़े में वर्षा होती है। इस भाग में वर्षा का औसत 50 इंच से 60 इंच तक रहता है। कभी कभी बर्फ भी गिरती है। मध्यवर्ती भाग में गरमियाँ गरम तथा सर्दियाँ ठंडी एवं वर्षायुक्त होती हैं। मध्यवर्ती भाग की वर्षा का वार्षिक औसत 20 इंच से 30 इंच रहता है। पुर्तगाल का दक्षिणी भाग अधिक शुष्क रहता है जहाँ 20 इंच से अधिक वर्षा नहीं होती। लिज़बन का औसत ताप जुलाई में 4.4 सें. रहता है।

जीवजंतु 


यहाँ सेयरा दे इसट्रेयला जैसे कुछ पर्वतीय प्रदेशों में भेड़िए तथा जंगली सूअर आदि मिलते हैं। मध्यभाग में घोड़े, सूअर भेड़, बकरियाँ तथा विविध प्रकार की चिड़ियाँ पाई जाती हैं, और समुद्र में सॉर्डिन, ट्युना आदि मछलियाँ पकड़ी जाती हैं।

पेड़ पौधे 


यहाँ तीन प्रकार की वनस्पतियाँ पाई जाती हैं : (1) उत्तर में बाजु बीच (beech), चेस्टनट (Chestnut) तथा चीड़ के हरे जंगल (2) मध्यवर्ती क्षेत्र में खुले शुष्क घास के मैदान तथा सदाबहार बांज (3) दक्षिण में सदाबहार झाड़ियाँ भी पाई जाती हैं। आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण शहतूत का पेड़ भी अधिक उगता है एवं कुछ ओषधियाँ भी पाई जाती हैं।

जनसंख्या 


पुर्तगाल की जनसंख्या 88,74,640 (1960) थी, जिसमें 6,19,611 अज़ोर्ज़ तथा माडियरा के निवासी संमिलित हैं। यहाँ के प्रमुख नगर लिज़बन (राजधानी 8,17,326), पोर्टू (3,05,444), कोइंब्रा (47,268), एवं सेतूब्ल (42,797) आदि हैं। मुख्य भाषा पुर्तगाली है तथा 97 प्रति शत जनसंख्या रोमन कैथोलिक (ईसाई) धर्म को मानती है। रोमन, गोथ, अरब, नीग्रो तथा अन्य यूरोपीय देशों के प्रवासी यहाँ रहते हैं। यहाँ की 35 प्रतिशत जनसंख्या शिक्षित है।

कृषि 


यहाँ लगभग 45 प्रति शत भूमि पर खेती होती है। कृषि में गेहूँ, राई, धान, आलू, जौ, जई, मक्का एवं तिलहन आदि उगाए जाते हैं। फलों में अंजीर एवं बादाम भी उगाया जाता है। यहाँ से कॉफी, तंबाकू, शक्कर एवं गेहूँ आदि कृषिगत उपजों का निर्यात किया जाता है। मक्का ओपोर्टों तथा ब्राग जिलों एवं समुद्रतटीय प्रदेशों में, गेहूँ की फसल बेजा, एयबूरा, तथा पोर्टलेग्री में तथा धान नदियों के डेल्टों में उगाया जाता है। यहाँ अंगूर भी अधिक पैदा होता है जिससे शराब बनाई जाती है।

खनिज 


पुर्तगाल खनिजों में धनी है। उत्तर में टंग्स्टन, टिन, कच्चा लोहा, मध्यभाग में ऐं्थ्रोसाइट और लिगनाइट कोयला तथा दक्षिणी भाग में ताँबा मिलता है। यहाँ से टंग्स्टन, टिन तथा बेरिल (Beryl) का निर्यात होता है। कुछ मात्रा में गंधक, यूरेनियम, अभ्रक, जस्ता, सीसा तथा केओलिन मिट्टी भी मिलती है।

उद्योग 


विद्युत्‌ शक्ति को कमी के कारण यहाँ पर भारी उद्योगों की अपेक्षा छोटे उद्योगों की उन्नति अधिक हुई हैं। वस्त्र व्यवसाय यहाँ का सबसे पुराना तथा महत्वपूर्ण व्यवसाय है। ब्राग तथा पोर्टू में सूती वस्त्र बनाया जाता है। ऊनी कपड़ा केस्टलो, ब्रैंकू, ग्वार्डा, कोइंब्रा तथा सैंटरेम में बनता है। कांच एव बरतन बनाने का काम लिज़बन कैल्डास, एल्कोबेका, तथा सीमेंट, सेल्यूलोस, कागज, रबर, रसायनक, कार्क आदि से संबंधित उद्योग सेतूब्ल, मेटोज़िनहोस, आल्गारवे आदि के आस पास होते हैं। यहाँ शराब बनाने तथा मछलियों को सुखाकर डिब्बों में बंद करने का काम भी होता है।

व्यापार 


पुर्तगाल की प्रमुख निर्यातक वस्तुओं में कार्क एवं इससे बने सामान, सूखी मछलियाँ, सूती कपड़े, शराब, लकड़ी के सामान और फल हैं। आयात वस्तुओं में मशीनें, वाहन, कोयला, पेट्रोलियम, लोह एवं इस्पात तथा रुई आदि है। पोर्टू तथा लिज़बन यहाँ के प्रमुख व्यापारिक केंद्र हैं।

यातायात 


यातायात की यहाँ काफी प्रगति हुई है। बड़ लाइन की रेलों की लंबाई 2,250 मील है। प्राय: सभी रेलें गैर सरकारी है। सड़कों की लंबाई 18,500 मील (1960) थी। हवाई यातायात की दृष्टि से लिज़बन में पोटेंला तथा अज़ोर्ज़ में सेंटामेरिया हवाई अड्डे सबसे प्रमुख है।

(बेचन दुबे)

Hindi Title


विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia)




अन्य स्रोतों से




संदर्भ
1 -

2 -

बाहरी कड़ियाँ
1 -
2 -
3 -