सरगुजा

Submitted by Hindi on Sat, 08/27/2011 - 13:14
सरगुजा जिला, भारत के मध्य प्रदेश राज्य में स्थित है। इसके उत्तर में उत्तर प्रदेश का मिर्जापुर जिला तथा मध्य प्रदेश का सीधी जिला, पश्चिम में शहडोल जिला, दक्षिण में बिलासपुर जिला, दक्षिण-पूर्ण में रायगढ़ जिला और पूर्व में बिहार का पालामऊ जिला स्थित है। इस जिले का क्षेत्रफल 8,626 वर्ग मील एवं जनसंख्या 10,36,738 (1961) है। जिले के प्रमुख नगर अंबिकापुर, चिरमिरी तथा महेंद्रगढ़ हैं। जिले की प्रमुख नदियाँ कन्हर, रीहर और माहान हैं। ये उत्तर में सोन की ओर बहती हैं। सांख नदी दक्षिण की ओर बहकर ब्राह्मणी नदी में मिल जाती है। उपर्युक्त नदियों में से कोई भी नौगम्य नहीं है। जिले का पूर्वी पठार और पर्वतश्रेणियाँ कायांतरित शैलों से निर्मित हैं तथा जिले एवं छोटा नागपुर के मध्य रोध का कार्य करती हैं। जिले के पहाड़ी जंगलों में प्रमुख वृक्ष साल है। बाघ, चीता, भालू, जंगली भैंसे, गवाल और हरिण यहाँ पाए जाते हैं। माइलान (4,024 फुट ऊँची) तथा जाम (3,827 फुट ऊँची) प्रमुख पर्वत चोटियाँ हैं। इमारती लकड़ियों के अतिरिक्त, कत्था, लाख तथा टसर रेशम अन्य जंगली उत्पाद हैं। विश्रामपुर कोयला क्षेत्र है और अनुमान लगाया गया है कि यह क्षेत्र लगभग 400 वर्ग मील में विस्तृत है। चिरमिरी की कोयला खानों से कोयला निकाला जाता है। धान जिले की प्रमुख फसल है। धान के अतिरिक्त मक्का, मड़ुआ, कोदो, तेलहन, कपास, सन, जौ एवं गेहूँ की फसल उपजाई जाती है। जिले में विस्तृत चरागाह हैं, जहाँ उत्तर प्रदेश राज्य के मिर्जापुर और बिहार के पालामऊ जिलों के पशु चरने के लिए भेजे जाते हैं। (अजित नारायण मेहरोत्रा.)

Hindi Title


विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia)




अन्य स्रोतों से




संदर्भ
1 -

2 -

बाहरी कड़ियाँ
1 -
2 -
3 -