टेक्सैस

Submitted by Hindi on Tue, 08/16/2011 - 09:01
टेक्सैस (Texas) स्थिति : 31 40 उ. अ. तथा 98 30 प. दे.। यह संयुक्त राज्य अमरीका के दक्षिणी मध्य राज्यों में से एक राज्य है। इसके पूर्व में लुइज़िऐना (Louisiana) और आरकैनसस (Arkansas), पश्चिम में न्यूमेक्सिको, उत्तर में आरकैनसस तथा ओक्लाहोमा (Oklahoma) तथा दक्षिण में मेक्सिको एवं मेक्सिको की खाड़ी स्थित है। इस राज्य का क्षेत्रफल 2,67,339 वर्ग मील है जिसमें से 3,695 वर्ग मील क्षेत्र जल से घिरा हुआ है। इसकी राजधानी ऑस्टिन (Austin) है।

टक्सैस की ढाल गल्फ कोस्ट से उत्तर, उत्तर-पश्चिम और पश्चिम की ओर है। सुदूर उत्तर-पश्चिम तथा पश्चिम में इसकी ऊँचाई 4,000 फुट है। सुदूर पश्चिम में रॉकी पर्वतमाला की पूर्वी शाखा इसे पार करती है, जिसकी मुख्य चोटियाँ ग्वॉडलूप (Guadalupe) 8,715 फुट, लिवरमूर (Livermore) 8,382 फुट तथा ऐमॉरी (Emory) 7,835 फुट ऊँची हैं। यहाँ की मुख्य नदियाँ रीओग्रैंड, न्यूएसेस, सैन ऐनटोनिओ, ग्वॉडलूप, कॉलोरॉडो, ब्रैजस, ट्रिनिटी, नेचेज तथा साबीन हैं।

टेक्सैस के निम्नलिखित चार प्राकृतिक भाग हैं : 1. गल्फ कोस्टल प्लेन्स - यह राज्य की पूर्वी सीमा से लेकर लोअर रीओ ग्रैंड घाटी तक फैला हुआ है। 2. लोअर वेस्टर्न प्लेन्स - इसमें उत्तरी मध्य टेक्सैस आता है, जिसके अंतर्गत ब्लैक लैंड, ग्रैंड प्रेयरी (Prairier) तथा पश्चिमी मध्य टेक्सैस के लहरदार मैदान हैं। 3. वेस्टर्न हाई प्लेन्स - इसके अंतर्गत नार्थ टेक्सैस पैनहैंडिल, दक्षिण में रीओ ग्रैंड और पूर्व में जहाँ सैन ऐनटोनिओ हाई प्लेन्स तथा एडवर्ड पठार में विभक्त होता है, वहाँ तक का क्षेत्र सम्मिलित है। 4. पर्वतीय क्षेत्र - इसके अंतर्गत पेकस नदी का पश्चिमी भाग आता है। टेक्सैस की लंबी तटीय रेखा पर कई बंदरगाह हैं जिनमें से गैलवेस्टन, ह्यूस्टन, टेक्सैस सिटी, बोमॉन्ट, पोर्ट आर्थर कॉर्पस क्रिस्टी एवं पोर्ट अरैनसैस प्रमुख हैं।

टेक्सैस की जलवायु उत्तर में उपोष्ण कटिबंधीय, दक्षिण में मध्य शीतोष्ण, पूर्व में आर्द्र तथा पश्चिम में शुष्क है। यहाँ का औसत ताप 190 सें. तथा औसत वार्षिक वर्षा 30.25'' है। तटीय मैदानों में अनुसमुद्री (maritime) जलवायु प्रधान है, सूदूर पश्चिम में पर्वतीय मौसम तथा उपर्युक्त दोनों स्थलों के मध्य के क्षेत्र में महाद्वीपीय जलवायु पाया जाता है। लोअर रीओ ग्रैंड घाटी जंगलविहीन है तथा पैनहैंडिल (Panhandle) पर औसत वार्षिक हिमपात 15'' है। टेक्सैस में सिंचाई तथा पेय जल के पचास प्रति शत की पूर्ति भूमिगत जल से होती है।

पूर्वी टेक्सैस की चीड़ पट्टी (pine belt) प्रमुख जंगली क्षेत्र है। छोटी पत्ती, बड़ी पत्ती तथा पिंडकीय पत्तीवाला चीड़ इस क्षेत्र का प्रमुख उत्पाद है। सफेद और लाल बांज, लाल और काली मैग्नोलिया तथा साखू (cypress) यहाँ मिलते हैं। इनके अतिरिक्त देवदारु तथा मेस्कीट (mesquite) भी यहाँ होता है। इस राज्य में 570 किस्म की घासें तथा 4,000 किस्म के फूल होते हैं। सफेद दुमबाले वर्जिनिया हरिण यहाँ बहुतायत से पाए जाते हैं और इनका शिकार होता है। इसके अतिरिक्त गिलहरियों की कई किस्में, स्यूल डियर (mule deer), हरिण (antelope), भेड़िए की कई किस्में तथा लोमड़ी पाई जाती है। हंस और बतख भी पर्याप्त संख्या में यहाँ मिलते है। चिड़ियों की लगभग आठ सौ जातियाँ (species) यहाँ पाई जाती हैं। तटीय जल में मछलियाँ बहुतायत से मिलती हैं।

पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस तथा गंधक यहाँ के प्रमुख कच्चे माल हैं। गेहूँ तथा धान की खेती होती है। भेड़ का ऊन तथा मोहेयर (mohair) का उत्पादन यहाँ होता है। यहाँ चमड़ा तथा चमड़े की वस्तुओं, काच, विद्युद्यंत्र, धातु की वस्तुओं तथा कागज एवं उससे संबंधित अन्य वस्तुओं का निर्माण होता है। (अजितनारायण मेहरोत्रा)

Hindi Title


विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia)




अन्य स्रोतों से




संदर्भ
1 -

2 -

बाहरी कड़ियाँ
1 -
2 -
3 -