तेंदुआ

Submitted by Hindi on Sat, 08/20/2011 - 09:30
तेंदुआ (Leopard) स्तनपोषियों के मांसभक्षी गण (Order Cornivora) के फैलिडी कुल (Family Falidae) का बहुत प्रसिद्ध जीव है, जो सिंह और बाघ के बाद सब से बड़ा शिकारी जानवर माना जाता है। यह कद में बाघ से छोटा होकर भी उससे अधिक तेज, मक्कार और फुरतीला प्राणी है, जो अपने हलके शरीर के कारण मोटे पेड़ों पर भी चढ़ जाता है। इसके शरीर का ऊपरी और बगली भाग हलके बादामी रंग का रहता है, जिसपर सिर, पेट और पैर के निचले भाग पर काली चित्तियाँ और पीठ, दुम तथा दोनों बगली हिस्सों पर काले छल्लेदार गुल पड़े रहते हैं। इसी कारण इसका दूसरा नाम गुलदार भी है। इसका नीचे का हिस्सा सफेद रहता है।

तेंदुए की लंबाई 6 से लेक 7 1/2 फुट तक रहती है, जिसमें इसकी तीन फुट लंबी दुम भी शामिल है। यह अफ्रीका के समस्त जंगलों में और एशिया में पैलेस्टाइन से लेकर चीन, मंचूरिया, भारत और जावा तक के वनों में फैला हुआ है। यह बहुत ही खूँखार जानवर है, जो अपने शिकार की ताक में किसी झाड़ी, नीचे पेड़ या किसी ऊँची जगह पर छिपा बैठा रहता है और उसे देखते ही उसपर कूदकर उसे दबोच लेता है। यह अधिकतर सियार, सुअर, हरिण, बंदर, पालतू कुत्तों और बत्तखों आदि को मारता है और उनकी तलाश में रात को आबादी में भी घुस आता है। कभी कभी यह अपने मारे हुए शिकार को पेड़ पर रख देता है।

तेंदुआ बहुत फुरतीला होता है और घायल हो जाने पर बहुत भयंकर हमला करता है। कभी कभी यह शेर की तरह आदमखोर हो जाने पर उससे भी ज्यादा खतरनाक हो जाता है। इसकी मादा एक बार में दो से चार तक बच्चे जनती है।

इसके भाई बंधुओं में शाह (Snow leopard), लमचिता (Clouded leopard), सिकमार (Marbled cat), बाघदशा (Fishing cat), तेंदुआ बिल्ली (Leopard cat), स्याहगोश (Caracal), चीता (Cheeta) आदि हैं, जिनकी आदतें, स्वभाव और रहन सहन तेंदुए जैसी ही होती हैं।[सुरेश सिंह]

Hindi Title


विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia)




अन्य स्रोतों से




संदर्भ
1 -

2 -

बाहरी कड़ियाँ
1 -
2 -
3 -