वेनिस

Submitted by Hindi on Fri, 08/26/2011 - 09:44
वेनिस इटली का यह नगर संसार के सुंदरतम नगरों में से एक हैं। यह ऐड्रिऐटिक शहरों की रानी (The Queen City of Adriatic) के नाम से विख्यात है। इस नगर के मकान ठोस धरातल पर नहीं, बल्कि ऐड्रिऐटिक सागर के कछार पर कीचड़ में गहराई तक धँसाए हुए पायों पर रखी जाती है। यहँ द्वीपों के बीच बहनेवाली नहरें सड़कों का काम करती हैं तथा सवारी गाड़ियों की जगह चौरस पेंदे वाली नार्वे चलती हैं, जिनहें गोंडोला (Gondolas) कहते हैं। नहरों के आर पार विविध प्रकार के पत्थर निर्मित पुल हैं। नहरों के किनारे आलीशान अट्टालिकाएँ हैं, जो प्राचीन वेनिस की शालीनता की यादगार हैं। यद्यपि राजनीतिक एव व्यापारिक दृष्टिकोण से वेनिस का महत्व घट गया है, तथापि दुनिया के सुंदर एवं गुजलार शहरों में यह अब भी अग्रगण्य है।

वेनिस शहर के 120 द्वीप इटली के उत्तर पूर्वी समुद्रतट से लगे एक सुरक्षित झील में स्थित हैं। झील पो तथा पियाव नदियों के मुहानों के बीच में फैली हुई है। लीडो नामक एक बालू की दीवार (sand bar) झील की पूर्वी सीमा निर्धारित करती है। यह बालू का द्वीप वेनिसवासियों के समुद्र-तट-विहारस्थल का काम देता है। वेनिस नगरद्वीप मील लंबे रेल-सड़क-युक्त पुल द्वारा मुख्य इटली प्रदेश से संबद्ध है।

नगर अंग्रेजी अक्षर एस (S) आकारवाली, ग्रैंड कैनाल नहर द्वारा दो भागों में विभक्त है। ग्रैंड कैनाल के अतिरिक्त लगभग 150 अन्य नहरें हैं। नगर के अनगिनत द्वीप एक दूसरे से लगभग 400 पुलों द्वारा संबद्ध हैं। पुल ऊँचे पायों पर बने हैं, ताकि उनके अंदर से नावें आ जा सकें। सबसे प्रसिद्ध पुल रियालटो (Rialto) नगर के मध्य में ग्रैंड कैनाल के आर पार है। इन टेढ़ी मेढ़ी नहरों के किनारे मकान हैं। वेनिस की प्रमुख इमारतें पियात्सा ऑव सेंट मार्क (Piazza of St. Mark) नामक चौक में हैं।

यद्यपि वेनिस भूमध्यसागर का सर्वश्रेष्ठ व्यापारिक केंद्र अब नहीं रहा, फिर भी नगर के व्यापार का महत्वपूर्ण स्थान है। मारघेरा (Marghera) बंदरगाह में माल लादने उतारने की अच्छी सुविधा है। इटली के बंदरगाहों में वेनिस का सातवाँ स्थान है। हर प्रकार के माल वेनिस में आते हैं। वेनिस अपनी परपरागत वस्तुओं के निर्माण के लिए अब भी विख्यात है। मुरानों द्वीप में सुंदर शीशे बनते हैं। वुरानो द्वीप की औरतें अत्यंत सुंदर हाथ के बने फीते बनाती हैं। कसीदे का काम, टैपेस्ट्री (tapestry), लकडी की खुदाई, ताँबे की मूर्तियाँ तथा अन्य कला की वस्तुओं के लिए वेनिस अधिक प्रसिद्ध है। 1900 ई. के बाद से नगर में पोतनिर्माण का उद्योग भी महत्वपूर्ण हो गया है।

वेनिस की जलवायु समशीतोष्ण है। यह पर्यटकों का आकर्षण केंद्र है। नगर का संबंध रेलमार्ग द्वारा मिलान (Milan) तथा बोलोन्या (Bologna) से है। टारिसिओ (Tarisio) तथा ट्रिएस्ट (Trieste) से लेकर क्रमश: आस्ट्रिया तथा युगोस्लाविया को भी रेलमार्ग जाते हैं। सांता लूसिआ (Santa Lucia) स्टेशन ग्रैंड कैनाल के पश्चिमी छोर पर है। वेनिस को वायुमार्ग की सुविधा 21 मील दूर स्थित ट्रेवोजो (Treviso) हवाई अड्डे से मिलती है। लीडो के उत्तरी सिरे पर बसा सान निकोलो (San Nicolo) हवाई अड्डा भी कुछ अंशों में उपयोग में आता है। (जगदीश सिंह)

Hindi Title


विकिपीडिया से (Meaning from Wikipedia)




अन्य स्रोतों से




संदर्भ
1 -

2 -

बाहरी कड़ियाँ
1 -
2 -
3 -