ऐलोपॉनीसस

Submitted by Hindi on Mon, 12/27/2010 - 13:36
ऐलोपॉनीसस स्थिति : 370 10फ़ उ. अ. तथा 220 0फ़ पू. दे.। ग्रीस के दक्षिणी भाग में स्थित प्रायद्वीप है जिसके पश्चिम में आइआनिऐन सागर तथा पूर्व में इजीऐन सागर हैं। यह पैट्रैस, कॉरिंथ और सारॉनिक की खाड़ियों द्वारा मुख्य ग्रीस से अलग है, लेकिन कॉरिथ भूडमरूमध्य द्वारा ग्रीस से जुड़ा हुआ है। उत्तर से दक्षिण तथा पूर्व से पश्चिम यह लगभग 140 मील में फैला हुआ है। यह प्रायद्वीप प्रधानत: पहाड़ी है तथा इसमें कई पर्वतश्रेणियाँ हैं। सर्वोच्च चोटी 7,875 फुट ऊँची है। यूरोटस और अल्फीयस मुख्य नदियाँ हैं। दक्षिणी तथा पूर्वी तट बहुत ही कटा फटा है जिससे कई खाड़ियाँ बन गई हैं। इसकी आकृति तीन अँगुली तथा अंगूठे युक्त हाथ सी दीख पड़ती है। पहले इसका नाम मोरिया था, क्योंकि पेलोपानीसस की आकृति शहतूत वृक्ष की पत्ती जैसी है। यहाँ भूमध्यसागरीय जलवायु पाई जाती है। वर्षा की मात्रा पश्चिम से पूर्व की ओर घटती जाती है।

राजनीतिक दृष्टि से पेलोपॉनीसस आधुनिक ग्रीस का प्रदेश है जिसे आकिया, इलिया, आर्केहिया, आर्गोलिस, कोरिंथिया, लैकोनिया और मेसीनिया नामक सात विभागों में बाँटा गया है। इसका क्षेत्रफल 21,063 वर्ग किमी. है तथा जनसंख्या 10,96,390 (1961) थी। यहाँ मुनक्का, खट्टे रसवाले फल, तंबाकू, जैतून एवं अंगूर की खेती होती है। पशुपालन तथा शहतूत के वृक्षों पर रेशम के कीड़े पालना भी एक महत्वपूर्ण उद्योग है। समुद्रतटीय क्षेत्रों में मछलियाँ पकड़ी जाती हैं। इस प्रदेश में पाइराइट, लिगनाइट और मैंगनीज के निक्षेप मिलते हैं। पैट्रैस और कालामैटा मुख्य बंदरगाह एवं प्रसिद्ध औद्योगिक केंद्र हैं। ट्रिपोलिस, पाइरगोस, स्पार्टा, आरगॉस, नॉप्लिआ और कोरिंथ महत्वपूर्ण नगर हैं। पेलोपॉनीसस का पर्यटन उद्योग भी उल्लेखनीय हैं।

(राजेंद्रप्रसाद सिंह)