असेंशन

Submitted by Hindi on Sat, 12/25/2010 - 10:23
असेंशन-नौ मील लंबा, तथा छह मील चौड़ा एक छोटा द्वीप है जो दक्षिणी अंध (अटलांटिक) महासागर में सेंट हेलेना द्वीप से उत्तर पश्चिम दिशा में 700 मील की दूरी पर स्थित है। द्वीप ज्वालामुखी के उद्गार से निकले हुए लावा से बना है। मध्य में शंकु के समान उठा हुआ ग्रीन पर्वत है। समीपवर्ती पठारों की ऊँचाई 1,200 फुट से 2,000 फुट तक है। 8 द.अ. पर स्थित यह द्वीप दक्षिण पूर्वी व्यापारिक हवाओं के मार्ग में पड़ता है। ढालों पर झाड़ियाँ तथा घास उगती हैं।

1501 ई. जाओदो नोवा नामक पुर्तगाली ने इसका पता लगाया तथा 1815 ई. में अंग्रेजों ने सर्वप्रथम यहाँ अपना अधिकार जमाया। आज यह द्वीप अपनी स्वास्थ्यवर्धक जलवायु के कारण अंग्रेजों का क्रीड़ाकेंद्र तथा जहाजों के ठहरने का स्थान है। 1922 ई. से यह सेंट हेलेना का एक उपराज्य मान लिया गया है। (ह.ह.सिं.)