बारीन

Submitted by Hindi on Mon, 12/27/2010 - 14:10
बारीन स्थिति : 26 डिग्री 0फ़ उ. अ. तथा 50 डिग्री 35फ़ पू. दे.। यह फारस की खाड़ी में, कॉतॉर के पश्चिमी तट की ओर स्थित द्वीपों का समूह तथा ब्रिटेन की सुरक्षा के अंतर्गत एक स्वतंत्र राष्ट्र है। इन द्वीपों का कुल क्षेत्रफल 231 वर्ग मील है। बारीन द्वीप, सबसे बड़ा, 30 मील लंबा एवं 10 मील चौड़ा है। इस द्वीप के उत्तर-पूर्व में चार मील लंबा मुहर्रक द्वीप है जो मोटर मार्ग द्वारा बारीन द्वीप से जुड़ा है। अन्य द्वीपों में कोई भी द्वीप चार मील से अधिक लंबा नहीं है। यहाँ की कुल जनसंख्या 1,51,000 (1961) है। मैनैमा (62,000) यहाँ की राजधानी है तथा इनके अतिरिक्त मुहर्रक (32,279) और रीफा प्रमुख नगर हैं। अधिकांश लोग मुसलमान हैं। यहाँ ऊनी कपड़े बनाना, मोती निकालना, नावें तथा चटाइयाँ बनाना प्रमुख उद्योग हैं। जमीन अनुपजाऊ तथा जलवायु शुष्क होने से कृषि अधिक उन्नत नहीं हो पाई है। कुछ तरकारियाँ, छुहारा तथा नींबू आदि फल उगा लिए जाते हैं। यहाँ का सबसे बड़ा उद्योग पेट्रोलियम निकालना है। तेल उत्पादन के लिए यह विश्वप्रसिद्ध है। मध्य पूर्व एशिया का दूसरा सबसे बड़ा तेलशोधक कारखाना यहीं है। साउदी अरब से पाइपों द्वारा तेल शोधन के लिए यहाँ लाया जाता है। खजूर प्रमुख पेड़ तथा ऊँट प्रमुख पशु है। यह अंतर्राष्ट्रीय हवाई मार्ग का केंद्र है। सभी राष्ट्रों की कंपनियों के जहाज यहाँ से होकर गुजरते हैं।

(श्री नारायण सिंह)