मैडागैस्कर या मलागासी

Submitted by Hindi on Mon, 12/27/2010 - 15:15
मैडागैस्कर या मलागासी गणतंत्र; स्थिति : 12 डिग्री से 26 डिग्री द0अ0 तथा 43 डिग्री से 51 डिग्री पू0 दे0। दक्षिणी अफ्रीका कमे मौज़ैंबीक के पूर्व में 250 मील चौड़े मौज़ैंबीक चैनल द्वारा मुख्य भूमि से अलग किया गया, हिंद महासागर का सबसे बड़ा तथा विश्व का चौथा सबसे बड़ा द्वीप है। इसका सागरतट लगभग 3,000 मील लंबा है। यह अधिक से अधिक 980 मील लंबा तथा 279 से 360 मील तक चौड़ा है। इसका कुल क्षेत्रफल 2,28,707 वर्ग मील है। यह मुख्यतया एक पठार के रूप में है, जिसकी सबसे अधिक ऊँचाई पूर्व की ओर (6,000 फुट) है। इसका पूर्वी तट सीधा है, जहाँ प्रवालों के कारण अनूप बन गए हैं। यहाँ का ऊबड़ खाबड़ धरातल रेलों एवं सड़कों की उन्नति में बाधक है, किंतु यहाँ हवाई यातायात का प्रबंध है। यहाँ की राजधानी टानानारीव है, जिसके उत्तर पश्चिम में ऐलाओट्रा, यहाँ की सबसे बड़ी झील, स्थित है। पूर्वी भाग में लगभग 100 इंच तथा दक्षिण पश्चिमी भाग में केवल 10 इंच वार्षिक वर्षा होती है। राजधानी में लगभग 55 इंच तक वर्षा होती है। जाड़े ठंढे एवं शुष्क तथा गरमियाँ गर्म एवं नम रहती हैं। मध्य पठारी भाग में कभी कभी तुषार तथा ओले भी पड़ते हैं । यहाँ की राजकीय भाषाएँ फ्रांसीसी तथा मलागासी हैं। यहां के निवासी भाषा एवं संस्कृति के आधार पर बहुत कुछ पॉलिनीशियन तथा मलेशियर्नो से मिलते हैं। कृषि में धान, आलु, गन्ना, कैसावा, मक्का तथा कॉफी का उत्पादन होता है। पशुपालन भी यहाँ के लोगें का प्रमुख उद्योग है। यहाँ से कॉफी, नारियल , लौंग, वैनीला, काली मिर्च, दालचीनी, तंबाकू तथा चीनी का निर्यात किया जाता है। ग्रैफाइट धातु के अलावा अभ्रक फॉस्फोरस, सोना तथा बहुमूल्य पत्थर भी पाए जाते हैं। रेशमी तथा सूती कपड़ा बनाना यहाँ का प्रमुख उद्योग है। धातु कर्म, हैट बनाना तथा चीनी, चावल, टैपियोका, वैनिला एवं साबुन का संसाधन किया जाता है। 14 वर्ष की उम्र तक के बच्चों के लिये शिक्षा अनिवार्य है। यहँ की जनसंख्या 56,57,601 (1962) है। यह छह प्रांतों में बँटा है। यहाँ के प्रमुख नगर टानानारीव (जनसंख्या 2,47,917), मेजंगा, टामाटाव, मनोहाइरा, फोर्ट डाफिन, टुलियर, मानांजारी, डीगो, सुआरेज़ आदि हैं। सन् 1,500 में एक पुर्तगाली, डीगो डिएह, ने इसी खोज की थीं। पुर्तगाल लौटने पर वहाँ के राजा ने इसका नाम मोगार्डिशो रखा। बाद में गलत उच्चारण से इसका नाम मैडागैस्कर हो गया। सन् 1896 से यह फ्रांस के अधिकार में था। सन् 1959 में फ्रांस संघ का यह एक सदस्य राज्य बना एवं 26 जून, 1960 ई0 को संघ के अंतर्गत एक स्वतंत्र राष्ट्र बन गया।

राधिकानारायण माथुर