नेग्रोस

Submitted by Hindi on Mon, 12/27/2010 - 11:06
नेग्रोस स्थिति : 10 डिग्री उ.अ. तथा 123 डिग्री पू.दे.। यह फिलिपीन द्वीपसमूह के अंतर्गत पेनाय द्वीप के दक्षिण-पूर्व एवं सेबु के पश्चिम में स्थित द्वीप है, जिसका क्षेत्रफल 5,000 वर्ग मील है। इसके मध्यवर्ती भाग में एक पर्वतमाला उत्तर से दक्षिण तक फैली हुई है, जिसकी सर्वोच्च चोटी ज्वालामुखी पर्वत "कैनलोन" 8,088 फुट है। वियसनस तथा नेग्रीटोस नामक दो प्रमुख जातियाँ यहाँ निवास करती हैं। सन् 1950 के आँकड़ों के अनुसार वहाँ की जनसंख्या 12,19,500 थी। बाकोलॉड यहाँ का प्रमुख नगर है।

यह द्वीप फिलिपीन द्वीपसमूह में सर्वाधिक चीनी उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है। इसके अतिरिक्त चाय, धान, मक्का, नारियल, गन्ना, अबाका, तंबाकू, केला, कोको एवं अन्य प्रमुख फसलें भी यहाँ उत्पन्न होती हैं। कोयला, ताँबा तथा मैंगनीज़ की खानें भी यहाँ हैं। रेल यातायात के अतिरिक्त स्थल, जल एवं नभ यातायात की सुविधाएँ भी यहाँ प्राप्त हैं।