Source
राजस्थान पत्रिका, 07 अक्टूबर, 2016

शीर्ष अदालत के आदेश के एक दिन बाद ही केन्द्र सरकार ने केन्द्रीय जल आयोग के अध्यक्ष जी एस झा की अध्यक्षता में तकनीकी समिति का गठन किया था। आयोग में दो तकनीकी विशेषज्ञों को भी नामित किया गया है जबकि कावेरी से जुड़े तीन राज्यों-कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल व केन्द्र शासित प्रदेश पुदुच्चेरी के जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियन्ता स्तर के अधिकारी को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा कर्नाटक और तमिलनाडु के मुख्य सचिव अथवा उनकी ओर से नामित अधिकारी भी सदस्य होंगे। समिति की पहली बैठक बंगलुरु में शुक्रवार सुबह 09:30 बजे होगी। जिसके बाद समिति दो दिनों तक राज्य के कावेरी बेसिन के बाँधों व जलाशयों और इलाके के हालात का आकलन करेगी। इसके बाद समिति के सदस्य तमिलनाडु भी जाएँगे। दौरे के दौरान समिति के सदस्यों को कड़ी सुरक्षा प्रदान करने के लिये सरकार पहले ही सम्बन्धित जिलाधिकारियों को निर्देश दे चुकी है। मुख्यमन्त्री सिद्धरामय्या ने कावेरी बेसिन के जिलों के प्रभारी मन्त्रियों को भी टीम के साथ रहने व उनको हर सुविधा उपलब्ध करवाने को कहा है।
हालात से अवगत कराएगी सरकार
कावेरी बेसिन क्षेत्र के दौरे पर निकलने से पहले राज्य सरकार समिति के सदस्यों के राज्य के वास्तविक हालात से भी अवगत कराएगी। दौर पर जाने से पहले टीम के सदस्यों की विधानसभा में होने वाली तैयारी बैठक में राज्य के जल संसाधन मन्त्री एम बी पाटिल और मुख्य सचिव सुभाष चन्द्र कुंटिया राज्य के कावेरी बेसिन क्षेत्र में हुई बारिश, चारो बाँधों में उपलब्ध पानी और खेती की स्थिति के बारे में बताएँगे। इसके तुरन्त बाद राज्य सरकार की ओर राज्य में कम बारिश होने के कारण उत्पन्न स्थिति के बारे में बताया जाएगा। पाटिल ने गुरुवार को जल संसाधन विभाग और मौसम विभाग के अधिकारियों के साथ टीम के दौरे के मद्देनजर बैठक की और जानकारियाँ संग्रहित की। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में पाटिल ने कहा कि समिति के सदस्यों को हम वास्तविक स्थिति के बारे में जानकारी देंगे। इसमें तमिलनाडु के भी सदस्य होंगे। क्षेत्र के दौरे के दौरान वे खुद देखेंगे कि कैसे नहरों में पानी नहीं छोड़े जाने के कारण खेत परती पड़े हैं अथवा जो बुवाई हुई थी वह फसल खराब हो चुकी है।

समिति को राज्य के वास्तविक हालात की जानकारी देने के लिये राज्य सरकार ने जल संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव राकेश सिंह, मैसूरु वृत के मुख्य अभियन्ता शिवशंकर तथा कावेरी नीरावरी निगम के प्रबन्ध निदेशक चिक्क रायप्पा को प्रतिनियुक्त किया है।