बैथर्स्ट

Submitted by Hindi on Mon, 12/27/2010 - 14:23
बैथर्स्ट 1. द्वीप, यह आस्ट्रेलिया के टीमॉर समुद्र में उत्तर मध्यवर्ती किनारे पर एवं मेलवल द्वीप के ठीक पश्चिम में स्थित द्वीप है। दक्षिण में क्लेरेंस जलडमरूमध्य द्वारा यह द्वीप मुख्य भूमि से अलग हो गया है। इसकी चौड़ाई 45 मील तथा क्षेत्रफल 786 वर्ग मील है। यहाँ पर मेंग्रोव के जंगल हैं।

2. द्वीप, यह कैनाडा के उत्तर-पश्चिम में आर्कटिक महासागर पर स्थित, पारी द्वीपसमूह का एक द्वीप है जो 160 मील लंबा और 50-100 मील चौड़ा है। 1819 ई. में सर विलियम इडवर्ड पारी ने इस द्वीप की खोज की थी। इसका सुमुद्रतट कटा फटा है। तथा कहीं कहीं गहरी घाटियाँ भी हैं। उत्तर-पूर्वी कैनाडा में भी इसी नाम का एक नगर है।

3. आस्ट्रेलिया के न्यूसाउथवेल्स में माक्वेर नदी के किनारे एक नगर है जहाँ ताँबा एवं सोना खोदने, गेहूँ, उगाने, भेड़ पालने का काम होता है।

4. अफ्रीका में गैंबिया द्वीप के मुहाने पर स्थित गैंबिया की राजधानी है। यहाँ से मूँगफली, गरी और मोम का निर्यात होता है।

5. आर्कटिक सागर की एक खाड़ी है।

(श्रीकृष्णचंद्र खर्कवाल)