पालावान

Submitted by Hindi on Mon, 12/27/2010 - 11:28
पालावान स्थिति : 10 डिग्री 0फ़ उ.अ. तथा 119 डिग्री 0फ़ पू.दे.। यह फिलिपीन द्वीप समूह में दक्षिण-पश्चिम में स्थित मुख्य द्वीप है। इसका क्षेत्रफल लगभग 4,550 वर्ग मील है। इसकी लंबाई उत्तर-पूर्व से दक्षिण-पश्चिम की ओर 297 मील तथा चौड़ाई पूर्व से पश्चिम 30 मील है। द्वीप के बीच में उत्तर से दक्षिण जंगलों से भरी एक पर्वतीय श्रेणी है, जिसकी ढाल दोनों ओर सागर की ओर है। श्रेणी की ऊँचाई लगभग 5,000 फुट है। इसकी सबसे ऊँची चोटी माउंट मांटालिंगाजन (6,839 फुट) है। श्रेणी के पूर्व एवं पश्चिम में तंग तटीय मैदान हैं, जो बड़े ही उपजाऊ हैं। इस द्वीप में लोग छोटे-छोटे गाँव बनाकर रहते हैं। यहाँ उत्तरी और मध्य स्थानों में बीसायनस नामक जाति के लोग, एवं दक्षिण में तगबानुआस नामक जाति के लोग पाए जाते हैं। यहाँ की राजधानी प्वेर्टो पिरसेसा नामक स्थान इसी द्वीप के मध्य में पूर्वी किनारे पर बसा है। यह क्षेत्र आर्थिक दृष्टि से पिछड़ा हुआ है। लकड़ी यहाँ की मुख्य अर्थोपार्जन की वस्तु है। तटीय मैदानों में मक्का, कपास, नारियल तथा धान की भी कृषि की जाती है।

(शांतिलाल कायस्थ)