सबसे खूबसूरत शहर तबाह

Submitted by Hindi on Fri, 08/26/2016 - 09:47
Source
दैनिक जागरण, 25 अगस्त, 2016

.रोम, रायटरः मध्य इटली के पर्वतीय इलाके में बुधवार तड़के जोरदार भूकम्प से जानमाल का बड़ा नुकसान हुआ। रिक्टर पैमाने पर 6.2 की तीव्रता वाले झटके ने पिछले साल सबसे खूबसूरत शहर का तमगा हासिल करने वाले एमट्रिस को तबाह कर दिया। पास के एकुमोली शहर को भी भारी नुकसान हुआ है। दोनों शहरों में हजारों घर ढह गए। 120 लोग मारे गए। राहत कर्मियों ने कई लोगों को मलबे से जिंदा निकाला। मलबे में अभी भी कई लोग दबे हैं।

अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण के अनुसार भूकम्प का केन्द्र राजधानी रोम से 140 किलोमीटर पूर्व नोरिसिया में जमीन से महज 10 किमी नीचे स्थित था। रोम के अलावा, लाजियो क्षेत्र के उम्बरिया और एडियाट्रिक तट पर स्थित ली मार्चे में भी झटके महसूस किये गये। इटली के नागरिक सुरक्षा सेवा प्रमुख फाबरियो कुरिसो ने बताया कि कई गाँव पूरी तरह से तबाह हो गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रभावित इलाके लोकप्रिय पर्यटन स्थल हैं। इसके कारण रोम की गर्मी से बचने के लिये हजारों की संख्या में पर्यटक इन इलाकों में आए हुए हैं।

एमट्रिस के मेयर ने बताया कि आधा शहर खत्म हो गया है। शहर के अंदर और बाहर की सड़कें कट गई हैं। मलबे में लोग फँसे पड़े हैं। भूस्खलन हो रहा है और पुल ढह सकता है। उन्होंने बताया कि मलबे के नीचे से लोगों की आवाजें सुनी जा सकती है और लोगों को एक-एक करके बचाया जा रहा है। बचाव के काम में सेना को भी लगाया गया है।

इटली के भूकम्प शोध संस्थान आइएनजीवी के अनुसार बुधवार को करीब 150 बार हल्के झटके महसूस किये गए। इनमें सबसे ज्यादा शक्तिशाली झटके की तीव्रता 5.5 थी। गौरतलब है कि इससे पहले इटली में 2009 में 6.3 की तीव्रता का भूकम्प आया था जिसमें तीन सौ से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। इस यूरोपीय देश में सबसे भीषण भूकम्प 1908 में आया था। उस समय भूकम्प और उसके बाद आए सुनामी से करीब 80 हजार लोगों की मौत हो गई थी।