टीमॉर

Submitted by Hindi on Mon, 12/27/2010 - 10:10
टीमॉर स्थिति 9 डिग्री 0फ़ से 10 डिग्री 27फ़ द. अ. तथा 123 डिग्री 27फ़ से 127 डिग्री 18फ़ पू. दे.। यह मलय पुंजद्वीप के लघु-फ़ सुंडा-द्वीपसमूह का सबसे बड़ा एवं पूर्वी द्वीप है तथा यह मुख्य द्वीप से साबू सागर तथा ओंबई जलडमरूमध्य द्वारा और आस्ट्रेलिया से टीमॉर सागर द्वारा अलग है।

राजनीतिक दृष्टि से यह पश्चिमी एवं पूर्वी दो भागों में विभाजित है। पश्चिमी भाग, 5,120 वर्ग मील, इंडोनेशिया (पहले यह डचों के अधिकार में था) के अधिकार में है तथा पूर्वी भाग, 7,350 वर्ग मील, पुर्तगाल का उपनिवेश है। यह 300 मील लंबा एवं 60 मील चौड़ा है, जिसका क्षेत्रफल लगभग 12,470 वर्ग मील है। इसका समुद्री किनारा खड़ा, ढालुआ तथा अगम्य है, क्योंकि किनारों के चारों ओर मूँगे की चट्टाने पाई जाती है। यहाँ पर सर्वत्र पर्वतश्रेणियाँ हैं, जो ज्वालामुखीय उत्पत्ति की हैं। इसकी एक चोटी, माउंट ऐटलास, 12,000 फुट से भी अधिक ऊँची है। इसके भीतरी भाग के बारे में जानकारी कम है। यहाँ पर अन्य पूर्वी द्वीपों की अपेक्षा कम वनस्पतियाँ पाई जाती हैं। किनारों पर कृषि होती है। इसमें भी दक्षिणी किनारे की अपेक्षा उत्तरी किनारे पर अधिक कृषि की जाती है। यहाँ पर घरेलू उपयोग के लिए कहवा, धान, चीनी तथा नारियल उगाया जाता है। कुछ मात्रा में चंदन, मोम, कछुए का कवच एवं कहवा बाहर निर्यात किया जाता है। यहाँ के अधिकांश निवासी पैपुआ जाती के लोग हैं, जिनमें मलय, पालिनेशियाई तथा नीग्रो जातियों का संमिश्रण है। यहाँ का अधिकांश व्यापार चीनियों के अधिकार में है। इंडोनेशियाई भाग की राजधानी कुंपांग है, जिसकी जनसंख्या लगभग 5,500 है तथा पुर्तगाली भाग की राजधानी डिलि है, इसमें से कुछ यूरोपवासी भी हैं।

(नृपेंद्रकुमार सिंह)