उष्ण कटिबंधीय चक्रवात (Tropical cyclone or revolving storm)

Submitted by Hindi on Thu, 04/21/2011 - 11:01
कर्क और मकर रेखा के मध्य स्थित क्षेत्रों (उष्ण कटिबंध) में उत्पन्न होने वाला चक्रवात। इन चक्रवातों की गति,आकार तथा मौसम संबंधी दशाओं में पर्याप्त भिन्नता पायी जाती है। इस चक्रवात के मध्य में न्यूनदाब होता है और समदाब रेखायें वृत्ताकार होती हैं और केंद्र से बाहर की ओर वायुदाब तीव्रता से बढ़ता है जिसके कारण हवाएं बाहर से केंद्र की ओर तेजी से चलती हैं और ऊपर उठती हैं। इनके आगमन से भयंकर तूफान उत्पन्न होते हैं। इन चक्रवातों का व्यास सामान्यतः 50 किमी. से 200 किमी. तक होता है किंतु 50 किमी से कम व्यास वाले चक्रवात भी उत्पन्न होते हैं। इनकी गति साधारण (30 किमी. प्रतिघंटा) से लेकर प्रचंड (120 किमी. प्रति घंटा) तक पायी जा सकती है। इन चक्रवातों में हरीकेन अधिक प्रचंड होता है जिसकी गति 120 किमी प्रतिघंटा से भी अधिक होती है। इन चक्रवातों की गति अबाध सागरों के ऊपर अतितीव्र होती है और स्थलीय भागों पर पहुँचते ही ये क्षीण होने लगते हैं तथा आंतरिक भागों में पहुँचकर प्रायः विलीन हो जाते हैं। अतः महासागरीय द्वीपों तथा सागर तटीय भागों पर इनका सर्वाधिक प्रभाव होता है। ये चक्रवात अधिकांशतः ग्रीष्मकाल में उत्पन्न होते हंग जो अपनी तीव्रगति तथा तूफानी प्रकृति के कारण अधिक विनाशकारी होते हैं। इन चक्रवातों के प्रत्येक भाग में वर्षा होती है और इनमें वर्षा की कोशिकायें नहीं होती हैं। ये सदैव गतिशील नहीं रहते हैं और कभी-कभी एक ही स्थान पर कई दिनों तक ठहर जाते हैं तथा अत्यधिक वर्षा करते हैं। उष्णकटिबंधीय चक्रवातों के मार्ग विभिन्न क्षेत्रों में भिन्न-भिन्न होते हैं किन्तु सामान्यतः ये व्यापारिक हवाओं की दिशा में पूर्व से पश्चिम की ओर अग्रसर होते हैं।
संसार के विभिन्न भागों में गति एवं तीव्रता के अनुसार उष्ण कटिबंधीय चक्रवातों को पृथक्-पृथक् नामों से पुकारा जाता है। बंगाल की खाड़ी तथा अरब सागर में इन्हें चक्रवात (cyclone) : पश्चिमी द्वीप समूह के पास (अटलांटिक महासागर) हरीकेनः चीन के पूर्वीतट (उत्तरी प्रशांत महासागर) पर टाइफूनः पूर्वी द्वीप समूह तथा उत्तरी-पश्चिमी आस्ट्रेलिया के निकट विलीबीज और आस्ट्रेलिया के उत्तरी-पूर्वी तट के समीपस्थ भाग में टारनैडो के नाम से जाना जाता है। हरीकेन तथा टाइफून अत्यंत भयंकर, विशाल और विनाशकारी होते हैं किन्तु ये कभी-कभी ही उत्पन्न होते हैं।

अन्य स्रोतों से




वेबस्टर शब्दकोश ( Meaning With Webster's Online Dictionary )
हिन्दी में -