Source
जनसत्ता, 21 अप्रैल 2011

नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले एक सप्ताह से संघर्षरत यमुना बचाओ के किसानों व साधु संतों को उस समय एक नया बल मिला जब राष्ट्रीय लोकदल युवा विंग के अध्यक्ष सासंद जयंत चौधरी व समाजवादी पार्टी के प्रमुख वरिष्ठ पदाधिकारी सांसद धर्मेंद्र यादव अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ अचानक आए और आमरण अनशनकारियों सहित समस्त किसानों, साधु संतों का जमकर उत्साहवर्धन कर इस आंदोलन को समय की जरूरत बताया।
इस मौके पर सांसद यादव ने कहा कि यमुना की गंदगी असहनीय है और इस आंदोलन के साथ सपा खड़ी है। यदि यह लड़ाई लंबी चली तो सपा का हर कार्यकर्ता आंदोलन में भाग लेकर यमुना में स्वच्छ जल प्रवाहित कराने को मर मिटेगा। उन्होंने सभी को जनहित का मुद्दा उठाए जाने के लिए भी धन्यवाद दिया।
सभा में दोनों सांसदों ने अपने-अपने अंदाज में इस लड़ाई में पूर्ण समर्थन की घोषणा की। सभा में इससे पहले भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय संरक्षक संत कृष्णदास महाराज ने केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर यमुना में स्वच्छ जल छोड़े जाने की मांग की है।
इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानुप्रताप सिंह ने कहा कि यदि केंद्र सरकार यह समझती है कि हम बिना पानी के यहां से चले जाएंगे यह असंभव है।